रायपुर. छत्तीसगढ़ में रेल परिवहन को नई गति देने के लिए परमलकसा से खरसिया के बीच पांचवीं और छठवीं रेल लाइन का निर्माण किया जाएगा. इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए 8741 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है. 278 किलोमीटर लंबे रेल कॉरिडोर के निर्माण से प्रदेश के ऐसे कई इलाके रेल नेटवर्क से जुड़ेंगे, जहां अभी तक रेल संपर्क उपलब्ध नहीं है. परियोजना के लिए सर्वे का काम भी पूरा कर लिया गया है. सर्वे रिपोर्ट जोनल मुख्यालय को सौंप दी गई है.
रेलवे के अनुसार खरसिया से शिवरीनारायण, बलौदाबाजार और नया रायपुर होते हुए परमलकसा तक सीधा रेल संपर्क विकसित किया जाएगा. इससे रायगढ़, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, बलौदाबाजार, दुर्ग और राजनांदगांव सहित कई जिलों को लाभ मिलेगा. रेल नेटवर्क का विस्तार होने से यात्री ट्रेनों के साथ मालगाड़ियों के परिचालन की क्षमता भी बढ़ेगी.
1800 हेक्टेयर जमीन का होगा अधिग्रहण
परियोजना के तहत खरसिया से बिलासपुर, बिलासपुर से रायपुर और रायपुर से परमलकसा तक पांचवीं और छठवीं लाइन बिछाई जाएगी. सर्वे के दौरान करीब 1800 हेक्टेयर निजी और सरकारी जमीन के अधिग्रहण की आवश्यकता सामने आई है. इसकी रिपोर्ट रेलवे के जोनल मुख्यालय को सौंप दी गई है. 278 किलोमीटर के इस रेल मार्ग पर कुल 615 किलोमीटर लंबी पटरियां बिछाई जाएंगी.
21 स्टेशन, 48 बड़े पुल और 184 अंडरपास
इस परियोजना के तहत 21 रेलवे स्टेशन बनाए जाएंगे. इसके अलावा 48 बड़े पुल, 349 छोटे पुल, 14 फ्लाईओवर और 184 अंडरपास का निर्माण प्रस्तावित है. रेलवे का दावा है कि लाइन तैयार होने के बाद आठ से अधिक मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन किया जा सकेगा. इससे यात्री परिवहन के साथ औद्योगिक और माल परिवहन को भी फायदा मिलेगा.
मालगाड़ियों के लिए बनेगा बायपास
रेलवे शहरों में यात्री ट्रेनों के परिचालन को प्रभावित होने से बचाने के लिए बायपास पद्धति अपना रहा है. इसके तहत मालगाड़ियों को शहरों के बाहर से निकाला जाएगा, जबकि यात्री ट्रेनों को शहर के भीतर प्रवेश दिया जाएगा. इससे मालगाड़ियों के कारण यात्री ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित नहीं होगी और समयबद्ध परिचालन में सुधार होगा.
डीजल की खपत में होगी कमी
रेलवे के मुताबिक इस कॉरिडोर के विकसित होने से प्रतिवर्ष करीब 22 करोड़ लीटर डीजल की बचत होने का अनुमान है. इससे लगभग 2500 करोड़ रुपए की बचत होगी. परियोजना से करीब दो करोड़ मानव दिवस रोजगार सृजन की संभावना भी जताई गई है. इसके अलावा डोकरा कला और कोसा सिल्क उत्पादन वाले क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ने में मदद मिलेगी.
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी शेख समी उर रहमान के अनुसार खरसिया से परमलकसा तक बनने वाला यह रेल कॉरिडोर छत्तीसगढ़ के नए क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ेगा. इससे यात्री और माल परिवहन दोनों को नई गति मिलेगी.

