CG Pendra Elephant Terror: छत्तीसगढ़ के मरवाही क्षेत्र में इन दिनों 62 हाथियों के दल ने दहशत फैला दी है. हाथियों के आक्रामक रुख और लगातार विचरण को देखते हुए शिक्षा विभाग ने बच्चों की सुरक्षा के लिए बड़ा कदम उठाया है. नाका संकुल के अंतर्गत आने वाले 9 स्कूलों में 2 दिनों के लिए अवकाश घोषित कर दिया गया है. आज 4 नवंबर को प्रभावित क्षेत्र के सभी 9 स्कूल बंद रखे गए. वहीं कल 5 नवंबर को भी इन स्कूलों में छुट्टी रहेगी. जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) संजय वर्मा ने इस संबंध में आदेश जारी किया है.
2 दिन बंद रहेंगे स्कूल
आदेश में कहा गया है कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन स्कूल बंद रखने का निर्णय लिया गया है. 62 हाथियों का विशाल दल इन दिनों नाका और मटियाडांड बीट के जंगलों में लगातार विचरण कर रहा है. हाथियों का दल कभी गांव के करीब आ जाता है, तो कभी स्कूल जाने वाले रास्तों पर नजर आ जाता है. सुबह-शाम के समय हाथियों की हलचल ज्यादा बढ़ जाती है, यही वह समय है जब बच्चे स्कूल आते-जाते हैं. ऐसे में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका बनी हुई थी.
कई दिनों से इलाके में डेरा डाले हुए है दल
ग्रामीणों के मुताबिक, हाथियों का दल पिछले कई दिनों से इसी इलाके में डेरा डाले हुए है. दल के आक्रामक होने के कारण लोग अपने घरों से निकलने में भी डर रहे हैं. खेतों में काम करने वाले किसान भी दिन में ही काम निपटाकर घर लौट रहे हैं. शिक्षकों की जान पर भी बन आया था खतराहाथियों के खतरे से सिर्फ बच्चे ही नहीं, शिक्षक भी परेशान थे.
वन विभाग की टीम कर रही निगरानी
इधर, वन विभाग की टीम भी हाथियों के दल पर लगातार नजर बनाए हुए है. हाथी मित्र दल गांव-गांव जाकर लोगों को अलर्ट कर रहा है. लोगों को हाथियों के करीब न जाने, शोर न मचाने और रात के समय घर से बाहर न निकलने की सलाह दी जा रही है. वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि हाथियों का दल भोजन और पानी की तलाश में इस इलाके में आया है. दल की मूवमेंट पर नजर रखी जा रही है.
