CG News: कोरबा में चबूतरे पर सो रहे हमाल की डंडे से पीट-पीटकर हत्या, सुबह हुए विवाद के बाद दोपहर में वारदात

CG News: चबूतरे पर सो रहे हमाल राजेश महाराज के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया.
symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

CG News: छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में सबसे व्यस्त ओवरब्रिज रेलवे क्रॉसिंग के नीचे सोमवार की दोपहर एक बेहद दर्दनाक घटना घटी. चबूतरे पर सो रहे हमाल राजेश महाराज के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. कोतवाली पुलिस ने सूचना मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और हमलावर की तलाश शुरू कर दी है.

सुबह छोटे से विवाद पर हुई थी मारपीट

मामले में कोतवाली थाना प्रभारी एम.बी. पटेल ने बताया कि मृतक की पहचान राजेश महाराज के रूप में हुई है. राजेश हमाली का काम करता था और खानाबदोश जीवन जीता था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोमवार सुबह राजेश का उसके साथ रहने वाले एक अन्य हमाल से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था. मामला इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई. इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया था.

आरोपी ने सिर पर किया ताबड़तोड़ हमला

दोपहर करीब 2 बजे राजेश शहर के ओवरब्रिज के नीचे बने चबूतरे पर सो रहा था. इसी दौरान सुबह राजेश से विवाद करने वाला आरोपी डंडा लेकर पहुंचा और उसने चबूतरे पर सो रहे राजेश के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए. गंभीर चोट लगने के कारण राजेश की मौके पर ही मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया.

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी एम.बी. पटेल अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस ने पूरे घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा तैयार किया. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया. घटना के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. वहीं, पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.

मामले में पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और सुबह हुए विवाद को ही हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है. फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेने के लिए टीम गठित की गई है.

ये भी पढे़ं- CG News: जांजगीर-चांपा में मॉर्निंग वॉक पर निकले 3 लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौके पर हुई मौत

ज़रूर पढ़ें