Vistaar NEWS

Bilaspur Accident: तेज रफ्तार ट्रक ने Bike को रौंदा, तीन युवकों की मौके पर मौत

symbolic image

सांकेतिक तस्वीर

Bilaspur Accident: बिलासपुर. शनिवार सुबह तखतपुर थाना क्षेत्र के जूनापारा पुलिस चौकी के पास तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार तीनों युवकों की घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक ही बाइक पर सवार तीन युवा जूनापारा के पास से गुजर रहे थे, तभी सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक बाइक को करीब 30 फीट तक घसीटते हुए ले गया. इस दौरान बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवकों के शव सड़क पर बिखर गए. हादसे के तुरंत बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला.

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ एकत्र हो गई, जिससे कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन बाधित रहा. जूनापारा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर भीड़को हटाया और यातायात को सुचारू रूप से बहाल कराया. पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया और पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है. मृतकों के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिलने के कारण फिलहाल उनकी पहचान नहीं हो सकी है.

पुलिस आसपास के गांवों में संपर्क कर युवकों की शिनाख्त में जुटी है. अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी गई है. आरोपी का सुराग लगाने के लिए मुख्य मार्ग और आसपास के ढाबों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस का दावा है कि फरार चालक को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः कुटुम्ब न्यायालय का बड़ा फैसला: बच्चों की कस्टडी के लिए नौसेना से रिटायर्ड पिता की याचिका खारिज, मां अपूर्वा चौहान के पास रहेंगे दोनों बच्चे

Exit mobile version