Vistaar NEWS

Kulgam Terrorist Attack: कौन हैं कुलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले भूपेंद्र भैना? 2 साल के बच्चे के सिर से उठ गया पिता का साया

Bhupendra Bhaina killed in terrorist attack

आतंकी हमले में भूपेंद्र भैना की मौत

Kulgam Terrorist Attack: आतंकियों ने एक बार फिर जम्मू-कश्‍मीर में पहलगाम जैसा हमला किया है. आतंकियों ने दक्षिण कश्‍मीर के कुलगाम जिले में काम कर रहे छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों से नाम पूछकर उन्‍हें गोली मार दी. इस हमले में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ वनांचल के ग्राम छुइया निवासी मजदूर भूपेंद्र भैना की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी. घटना सूचना मिलने के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया.

कौन है मृतक भूपेंद्र भैना

जानकारी के मुताबिक, भूपेंद्र भैना बिलाईगढ़ वनांचल के ग्राम छुइया निवासी मजदूर है, जो करीब 3 से 4 महीने पहले पत्नी के साथ रोजी-रोटी की तलाश में कश्मीर गए थे. परिवार की आर्थिक स्थिति सामान्य नहीं है, जिसके चलते रोजगार के लिए वे अपने राज्य को छोड़कर कश्‍मीर गए थे, जबकि माता-पिता और छोटा भाई भी मजदूरी के लिए हिमाचल प्रदेश में हैं.

हमले में भूपेंद्र भैना की मौत की खबर के बाद से ही गांव में शोक की लहर है. भूपेंद्र का 2 साल का एक बेटा भी है, जो गांव में अपनी दादी और बुआ के पास रह रहा है, जिसे अब तक यह नहीं पता कि उसके पिता कभी वापस नहीं लौटेंगे. घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

परिजनों की मदद में जुटा प्रशासन

सूत्रों के अनुसार, भूपेंद्र के पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार कश्मीर में ही किए जाने की चर्चा है. हालांकि, परिजन और ग्रामीण शव को उनके गृहग्राम लाने की उम्मीद लगाए हुए हैं. इस घटना के बाद से ही शासन और प्रशासन परिजनों की मदद में जुट गया है. प्रशासनिक अधिकारियों ने परिवार के लाेगों को सभी प्रकार की मदद मुहैया करने का आश्वासन दिया है.

सेना के जवानों का सर्च ऑपरेशन

इस हमले के बाद से ही कश्‍मीर में सुरक्षा व्‍यवस्‍था बढ़ा दी गई है. सेना के जवान लगातार इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं. सेना के जवान जंगल वाले क्षेत्र में भी आतंकियों की तलाश कर रहे हैं. इस हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन TRF ने ली है.

ये भी पढे़ं- कश्‍मीर में पहलगाम जैसा हमला! कुलगाम में आतंकियों ने नाम पूछकर मारी गोली, छत्तीसगढ़ के 2 मजदूरों की मौत

Exit mobile version