Vistaar NEWS

CG News: सामूहिक विवाह कार्यक्रम में BJP विधायक करेंगे शादी, कांग्रेस ने साधा निशाना, कहा- गरीबों के हक पर डाका

BJP MLA Deepesh and Congress President Deepak Baij

भाजपा विधायक दीपेश और कांग्रेस अध्‍यक्ष दीपक बैज

CG News: छत्तीसगढ़ की मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना इन दिनों राजनीतिक चर्चा का विषय बनी हुई है. इसकी वजह बेमेतरा से भाजपा विधायक दीपेश साहू का 31 मई को आयोजित होने वाले सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विवाह करना है. इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस ने सरकार और योजना की पात्रता पर सवाल खड़े किए हैं, जबकि भाजपा इसे सादगी और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला कदम बता रही है.

कांग्रेस ने पात्रता पर उठाए सवाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने विधायक की शादी को लेकर आपत्ति जताई है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना गरीब और जरूरतमंद परिवारों की बेटियों के लिए बनाई गई है. ऐसे में किसी विधायक का इस योजना के तहत आयोजित कार्यक्रम में विवाह करना कई सवाल खड़े करता है. बैज ने आरोप लगाया कि गरीबों के हक पर डाका डाला जा रहा है और सरकार को इस मामले में स्पष्टता देनी चाहिए.

भाजपा विधायक दीपेश साहू ने दिया जवाब

कांग्रेस के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि योजना की पात्रता वधु पक्ष की आर्थिक स्थिति के आधार पर तय होती है. उन्होंने बताया कि जिनसे उनका विवाह होने जा रहा है, वे बीपीएल परिवार से हैं. इसलिए योजना के नियमों के तहत उनकी भागीदारी पूरी तरह वैध है. विधायक ने यह भी कहा कि योजना के तहत मिलने वाली आर्थिक सहायता राशि वे अपने पास नहीं रखेंगे, बल्कि उसे मेधावी छात्राओं के हित में दान कर देंगे.

मुख्यमंत्री ने फैसले की सराहना की

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विधायक के निर्णय का समर्थन करते हुए कहा कि यह सादगी, सामाजिक समरसता और जनभागीदारी का प्रेरक उदाहरण है. उन्होंने कहा कि विवाह को दिखावे और आडंबर से दूर रखकर सामाजिक संस्कारों से जोड़ने का संदेश समाज के लिए सकारात्मक है. मुख्यमंत्री ने दीपेश साहू और उनकी होने वाली जीवनसंगिनी को शुभकामनाएं भी दीं.

पहली बार विधायक बनेंगे सामूहिक विवाह का हिस्सा

बेमेतरा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या विवाह कार्यक्रम में इस बार कुल 24 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा और अरुण साव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे. प्रदेश में यह पहला अवसर है जब कोई विधायक मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में शादी करने जा रहा है. इसी वजह से यह आयोजन राजनीतिक और सामाजिक दोनों स्तरों पर चर्चा का केंद्र बन गया है.

ये भी पढे़ं- CG News: BJP विधायक रामकुमार टोप्पो करेंगे सरेंडर, नायब तहसीलदार से मारपीट के आरोप में दर्ज हुआ था केस

Exit mobile version