Vistaar NEWS

Breaking News: रायपुर और नागपुर की आरपीएफ ने ट्रेन से पकड़ा 2 करोड़ का सोना

रायपुर/नागपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर एवं रायपुर की टीम ने डीआरआई नागपुर के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गाड़ी संख्या 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद किया है. जब्त सोने में 7 बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये बताई गई है.

जानकारी के अनुसार आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिली थी कि दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोने की तस्करी कर रहे हैं. सूचना मिलते ही नागपुर एवं रायपुर क्राइम ब्रांच की टीम को डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ ट्रेन में सघन जांच के निर्देश दिए गए.

संयुक्त टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन की जांच की. इसी दौरान बी-12 कोच में दो संदिग्ध व्यक्तियों को भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ा गया. तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ.

आरपीएफ ने दोनों आरोपियों को जब्त सोने सहित डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया. डीआरआई ने मामले में कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. दोनों से पूछताछ कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा.

डीआरआई द्वारा सोने की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के संबंध में भी जांच की जा रही है. कार्रवाई में आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर एवं रायपुर की टीम की अहम भूमिका रही. इस कार्रवाई के जरिए आरपीएफ ने एक बार फिर रेलवे में अवैध गतिविधियों पर निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के प्रति अपनी सतर्कता का परिचय दिया है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Surguja Bear Attack: जंगल में खुखड़ी खोजने गए ग्रामीण पर भालू का हमला, रायपुर ले जाते समय हुई मौत
Exit mobile version