Vistaar NEWS

CG News: बालोद में धूं-धूं कर जली बारातियों से भरी बस, खिड़की से कूदकर लोगों ने बचाई अपनी जान

Fire breaks out in wedding bus.

बारात वाली बस में लगी आग

CG News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शादी सीजन के बीच एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब बारातियों से भरी एक बस में अचानक आग लग गई. घटना रविवार देर रात करीब 12 बजे धमतरी-जगदलपुर नेशनल हाईवे-30 पर पुरूर थाना क्षेत्र के ग्राम जगतरा के पास हुई. बस कांकेर जिले के अरौद (चारामा) गांव से बारात लेकर बालोद जिले के बड़गांव (डौंडीलोहारा) जा रही थी.

बस में धुआं भरते ही मची अफरा-तफरी

बताया जा रहा है कि शर्मा ट्रेवल्स की 52 सीटर बस (CG 07 E 1171) में लगभग 50 से 60 बाराती सवार थे. जैसे ही बस जगतरा टोल प्लाजा के आगे पहुंची, गियर बॉक्स के पास अचानक खराबी आई और देखते ही देखते बस के भीतर धुआं भरने लगा. हालात को समझते हुए चालक ने तुरंत बस रोक दी और सभी यात्रियों को जल्द बाहर निकलने के लिए कहा.

खिड़कियों से कूदकर बचाई जान

धुआं फैलते ही बस में अफरा-तफरी मच गई. कई लोग उस समय सो रहे थे, जिन्हें अन्य यात्रियों ने जगाकर बाहर निकाला. कुछ लोगों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर अपनी जान बचाई. यात्रियों की सतर्कता के कारण सभी सुरक्षित बाहर निकल गए और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई.

कुछ ही मिनटों में आग का गोला बनी बस

कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और करीब 5 मिनट के भीतर बस आग के गोले में बदल गई. इस दौरान यात्रियों का सामान, कपड़े, बैग और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं.

फायर ब्रिगेड ने पाया काबू

सूचना मिलते ही पुरूर पुलिस मौके पर पहुंची और धमतरी से फायर ब्रिगेड को बुलाया गया. करीब डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी. बाद में रात करीब 2 बजे बारातियों को दूसरी बस की व्यवस्था कर सुरक्षित उनके गंतव्य तक रवाना किया गया.

शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका

प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी मानी जा रही है, हालांकि असली कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढे़ं- महासमुंद में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, IPL सट्टेबाजी मामले में 6 आरोपी गिरफ्तार, 2.5 करोड़ का माल जब्त

Exit mobile version