1484 Forest Guard Vacancies: छत्तीसगढ़ वन विभाग में वनरक्षक (फॉरेस्ट गार्ड) के 1484 खाली पदों पर जल्द ही सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने वाली है. शारीरिक दक्षता परीक्षा पूरी होने के बाद सफल उम्मीदवारों की सूची छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) को भेज दी गई है. अब विभाग ने व्यापमं से जल्द लिखित परीक्षा कराने का अनुरोध किया है. बताया जा रहा है कि भर्ती से जुड़ी सभी जरूरी प्रशासनिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं.
आवेदन प्रक्रिया 22 मई से 11 जून 2023 तक चली थी
वनरक्षक भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 22 मई से 11 जून 2023 तक चली थी. बाद में अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाकर 1 जुलाई 2024 कर दी गई थी. इसके बाद भर्ती प्रोसेस को आगे बढ़ाया गया.
जल्द होगी परीक्षा की तारीख की घोषणा
जानकारी के अनुसार, फिजिकल टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है. इसमें पास हुए उम्मीदवारों की सूची लिखित परीक्षा आयोजित कराने के लिए व्यापमं को भेजी गई है. अब लिखित परीक्षा का आयोजन व्यापमं द्वारा किया जाएगा. विभाग ने परीक्षा की तारीख जल्द घोषित करने के लिए औपचारिक पत्र भी भेज दिया है.
सभी सरकारी-प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं
अधिकारियों के अनुसार, भर्ती से संबंधित सभी सरकारी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं. सरकार इस भर्ती को पारदर्शी और तय समय सीमा के भीतर पूरा करना चाहती है, ताकि योग्य युवाओं को जल्द नौकरी का मौका मिल सके.
परीक्षा में देरी से अभ्यर्थियों में नाराजगी
आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ में वनरक्षक के 1484 पदों की भर्ती लंबे समय से रुकी हुई थी, जिससे उम्मीदवारों में नाराजगी बढ़ रही थी. लिखित परीक्षा जल्द कराने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थी रायपुर में वन मंत्री के बंगले तक पहुंचे थे. उन्होंने सरकार से परीक्षा की तारीख घोषित करने की मांग की थी.
