CG Pre-Monsoon Active Now: नौतपा के बीच बदला मौसम का मिजाज, बारिश ने दी गर्मी से राहत, राजनांदगांव में पारा 46 डिग्री पार
छत्तीसगढ़ मौसम: IMD ने दी बारिश की चेतावनी (Source- ANI)
Rain Storm Alert Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में नौतपा के दौरान मौसम ने अचानक करवट ले ली है. प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है. पिछले 24 घंटों में उत्तर और दक्षिण छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मौसम का असर देखने को मिला.
राजनांदगांव रहा सबसे गर्म जिला
मौसम विभाग के अनुसार राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. इसके अलावा दुर्ग में 44.5 डिग्री, रायपुर में 42.8 डिग्री, कवर्धा में 42.3 डिग्री और बिलासपुर में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं जगदलपुर में 38.6 डिग्री और अंबिकापुर में 36 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ.
बारिश से मिली राहत
शुक्रवार को अंबिकापुर और सूरजपुर में हुई तेज बारिश ने मौसम को ठंडा कर दिया. इसके बाद प्रदेश के अन्य इलाकों में भी मौसम में बदलाव महसूस किया गया. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन दिनों तक कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना बनी हुई है.
आंधी और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग ने रायपुर समेत कुछ क्षेत्रों के लिए धूलभरी आंधी और ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की है. अनुमान है कि कुछ स्थानों पर हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है.
कई जिलों में दिखा मौसम का असर
इससे पहले रायगढ़ और सुकमा में तेज आंधी और बारिश के कारण कई जगह पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आई थीं. वहीं बालोद जिले में लगातार चमगादड़ों की मौत की घटनाओं के बाद प्रशासन ने एहतियातन पेड़ों पर पानी का छिड़काव कराया है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का यही बदला हुआ रुख देखने को मिल सकता है.