Vistaar NEWS

‘हनीमून-प्रीवेडिंग शूट हो रहा…’, इटली में ‘मेलोडी मोमेंट’ पर कांग्रेस प्रदेश अध्‍यक्ष दीपक बैज का विवादित बयान!

PCC Chief Deepak Baij

PCC चीफ दीपक बैज

CG News: छत्तीसगढ़ की राजनीति एक बार फिर गरमाती हुई नजर आ रही है. कांग्रेस के प्रदेश अध्‍यक्ष दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी को लेकर विवादित बयान दि‍या है. दीपक बैज ने कहा कि पीएम मोदी जनता को विदेश घूमने से मना कर रहे हैं और खुद विदेश जाकर मेलोनी के साथ मेलोड़ी चॉकलेट खा रहे हैं. उन्‍हाेंने आगे कहा कि ऐसा लग रहा कि पीएम मोदी हनीमून मनाने गए हैं और वेडिंग शूट कराने गए हैं. पीसीसी चीफ ने कहा कि देश की जनता पेट्रोल डीजल के लिए परेशान है और पीएम माेदी मेलोनी के साथ मेलोडी चॉकलेट खा रहे हैं.

कमिश्नरी प्रणाली को बताया विफल

दुर्ग और बिलासपुर में कमिश्नरी प्रणाली लागू करने की तैयारी पर भी बैज ने सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि रायपुर में यह व्यवस्था पूरी तरह विफल साबित हुई है, इसके बावजूद सरकार इसे दूसरे शहरों में लागू करने की बात कर रही है. उनका कहना है कि कमिश्नरी सिस्टम लागू होने के बाद भी अपराधों में कोई कमी नहीं आई, बल्कि घटनाएं लगातार बढ़ी हैं. उन्होंने भाजपा विधायक धरमलाल कौशिक का फोन चोरी होने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब जनप्रतिनिधि ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है. बैज ने सरकार से पूछा कि आखिर इस व्यवस्था से रायपुर को क्या फायदा मिला है.

सरपंचों के इस्तीफे पर उठाए सवाल

अंतागढ़ में बड़ी संख्या में सरपंचों द्वारा इस्तीफा दिए जाने के मुद्दे पर भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने सरकार को घेरा. उन्होंने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधि खुद को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं और विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं. बैज ने सवाल उठाया कि आखिर बजट का पैसा कहां खर्च हो रहा है, क्योंकि जमीनी स्तर पर कोई काम दिखाई नहीं दे रहा. उन्होंने कहा कि ढाई साल के कार्यकाल में सरकार विकास के मोर्चे पर पूरी तरह असफल रही है, जिसके कारण 55 से ज्यादा सरपंचों ने इस्तीफा देने का फैसला लिया.

डिप्टी सीएम के बयान पर पलटवार

उपमुख्यमंत्री के बयान पर पलटवार करते हुए बैज ने कहा कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री को राज्य और देश के मुद्दों पर बात करनी चाहिए, न कि पाकिस्तान और बांग्लादेश जैसे विषयों पर. उन्होंने कहा कि जनता पहले ही महंगाई से परेशान है और सरकार राहत देने के बजाय ऐसे बयान देकर लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है.

भाजपा को दी आत्ममंथन की सलाह

कांग्रेस कार्यकारिणी गठन को लेकर उठ रहे सवालों पर भी दीपक बैज ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि भाजपा को कांग्रेस की चिंता करने से पहले अपने संगठन की स्थिति पर ध्यान देना चाहिए. बैज ने आरोप लगाया कि भाजपा में अब तक कई निगम-मंडलों में नियुक्तियां नहीं हो पाई हैं, जबकि पार्टी कार्यकर्ता लंबे समय से इंतजार कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में कार्यकारिणी गठन को लेकर वरिष्ठ नेताओं से लगातार चर्चा चल रही है और उचित समय पर निर्णय लिया जाएगा.

ये भी पढे़ं- Surajpur: सुशासन तिहार में सूरजपुर पहुंचे CM साय, महुआ के पेड़ के नीचे ने लगाई चौपाल, तेंदूपत्ता संग्राहकों की सुनी समस्याएं

Exit mobile version