इनपुटः मनोज सिंह
Bulldozer action in Chhattisgarh: राजनांदगांव में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. कलेक्टर जितेन्द्र यादव के निर्देश पर राजस्व विभाग की टीम ने मनगट्टा क्षेत्र के बिहावबोड़ में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया. कार्रवाई के दौरान करीब 1 किलोमीटर लंबी अवैध सड़क और 10 एकड़ में की जा रही प्लॉटिंग को हटाया गया.
जानकारी के मुताबिक शासकीय भूमिस्वामी खसरा क्रमांक 257, रकबा 2.25 एकड़ पर अवैध रूप से करीब 1 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया गया था. इसके अलावा आसपास की लगभग 10 एकड़ भूमि पर अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी. शिकायत और जांच के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की.
एसडीएम गौतम पाटिल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से अवैध सड़क निर्माण को हटाया गया. साथ ही प्लॉटिंग के लिए किए गए अवैध विकास कार्यों को भी ध्वस्त किया गया. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
राजस्व विभाग की इस कार्रवाई के बाद अवैध कब्जाधारियों में हड़कंप है. प्रशासन ने चेतावनी दी है कि शासकीय भूमि पर अतिक्रमण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः IGKV पेपर लीक मामले में बड़ा अपडेट, एक और परीक्षा रद्द