Vistaar NEWS

राजनांदगांव में 111 इस्‍तीफे के बाद, फिर 25 भाजपा कार्यकर्ताओं ने छोड़ी पार्टी, कांग्रेस बोली- पार्टी में परिवारवाद की पोल खुल रही

BJP Office, Rajnandgaon

भाजपा कार्यालय राजनांदगांव

CG News: राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर भाजपा मंडल में बगावत थमती नजर नहीं आ रही है. 111 भाजपा कार्यकर्ताओं के सामूहिक इस्तीफे के बाद अब 25 और कार्यकर्ताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. इस्तीफे का यह नया पत्र सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्थानीय भाजपा की अंदरूनी कलह एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है.

25 कार्यकर्ताओं ने भेजा इस्‍तीफा

जिला भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के मंत्री बलविंदर सिंह विक्की और पूर्व महिला मोर्चा अध्यक्ष एम. तुलसी के नेतृत्व में 25 भाजपा कार्यकर्ताओं ने जिला भाजपा अध्यक्ष के नाम सामूहिक इस्तीफा भेजा है. इस्तीफा देने वाले नेताओं का आरोप है कि शहर मंडल अध्यक्ष की कार्यशैली से कार्यकर्ता लगातार नाराज हैं और पार्टी में परिवारवाद तथा पक्षपात को बढ़ावा दिया जा रहा है.

पूर्व मंडल महामंत्री ने लगाए अध्‍यक्ष पर गंभीर आरोप

पूर्व शहर मंडल महामंत्री संतोष राव ने भी मंडल अध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि संगठन में पदों का वितरण निष्पक्ष तरीके से नहीं किया गया और केवल चहेते लोगों को जिम्मेदारी दी गई. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंडल अध्यक्ष एक व्यक्ति के रिमोट कंट्रोल पर काम कर रहे हैं, जिससे कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी है और इस्तीफों का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है.

कांग्रेस विधायक ने साधा निशाना

उधर, भाजपा में जारी इस्तीफों के दौर पर डोंगरगढ़ की कांग्रेस विधायक हर्षिता स्वामी बघेल ने भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा कांग्रेस पर परिवारवाद का आरोप लगाती रही है, लेकिन अब भाजपा के अपने कार्यकर्ता ही पार्टी में परिवारवाद की पोल खोल रहे हैं. विधायक ने दावा किया कि डोंगरगढ़ शहर में भाजपा अंदर ही अंदर कमजोर होती जा रही है और कार्यकर्ताओं का भरोसा संगठन से उठता जा रहा है.

ये भी पढे़ं- CG News: महंगी बिजली के खिलाफ कांग्रेस का बड़ा आंदोलन, प्रदेशभर में होगा प्रदर्शन, 3 अगस्त को सीएम हाउस करेगी घेराव

Exit mobile version