Vistaar NEWS

Bemetara: 28 लाख के स्कूल भवन में 28 जगहों पर दरारें, हैंडओवर से पहले ही गुणवत्ता पर उठे सवाल

Bemetara

28 लाख के स्कूल भवन में पड़ी दरारें

योगेश राजपुत (बेमेतरा)

Bemetara: बेमेतरा जिले के ग्राम जोगीपुर से सरकारी निर्माण की गुणवत्ता को लेकर बड़ा सवाल खड़ा करने वाला मामला सामने आया है. यहां करीब 28 लाख रुपये की लागत से शासकीय स्कूल के नवीन भवन का निर्माण कराया गया है, लेकिन भवन का काम पूरी तरह शुरू होकर हैंडओवर होने से पहले ही दीवारों और टाइल्स में जगह-जगह दरारें नजर आने लगी हैं. ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा गया.

28 लाख के स्कूल भवन में 28 जगहों पर दरारें

मामला बेमेतरा जिले के ग्राम जोगीपुर का है, जहां विद्यार्थियों के लिए नए स्कूल भवन का निर्माण कराया जा रहा है. भवन की लागत करीब 28 लाख रुपये बताई जा रही है. लेकिन निर्माण पूरा होने और भवन के उपयोग में आने से पहले ही करीब 28 अलग-अलग जगहों पर दरारें दिखाई देने का दावा किया जा रहा है.

दीवारों के साथ-साथ टाइल्स में भी दरारें नजर आने से निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं. ग्रामीणों का कहना है कि यदि भवन निर्माण के शुरुआती दौर में ही इस तरह दरारें आ रही हैं, तो आने वाले समय में इसकी मजबूती और सुरक्षा को लेकर चिंता होना स्वाभाविक है.

हैंडओवर से पहले ही गुणवत्ता पर उठे सवाल

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर 28 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस सरकारी भवन में निर्माण के दौरान गुणवत्ता की जांच किस स्तर पर की गई? क्या जिम्मेदार अधिकारियों ने निर्माण सामग्री और कार्य की गुणवत्ता का निरीक्षण किया था? और यदि निर्माण में खामियां हैं, तो जिम्मेदारी तय कर सुधारात्मक कार्रवाई कब होगी?

ये भी पढ़ें- Durg: सचिन तेंदुलकर-निर्मला सीतारमण के नाम पर 45 लाख ठगे, लिंक पर क्लिक करते ही रिटायर्ड कर्मचारी ने गंवाए पैसे

ग्रामीणों ने मामले की जांच कर भवन निर्माण की गुणवत्ता की तकनीकी जांच कराने और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की मांग की है. अब देखना होगा कि ग्रामीणों की शिकायत के बाद जिम्मेदार विभाग इस मामले में क्या कार्रवाई करता है और क्या स्कूल भवन की तकनीकी जांच कराकर सामने आई दरारों की वास्तविक वजह का खुलासा किया जाता है.

Exit mobile version