Open Jail 200 Prisoners Capacity: छत्तीसगढ़ की पहली ओपन जेल बेमेतरा जिला में खुलने जा रही है. इसे पथर्रा गांव में 10.20 हेक्टेयर भूमि पर विकसित किया जाएगा. इसके लिए राज्य सरकार ने आदेश जारी कर दिया है. इस जेल में शुरुआती चरण में उन कैदियों को रखा जाएगा जो 13 साल से ज्यादा की सजा काट रहे हैं. इससे उन्हें मुख्यधारा से जुड़ने का मौका मिलेगा.
‘आत्मनिर्भर बनने का मौका मिलेगा’
उप मुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ओपन जेल में कैदियों को काम सिखाया जाएगा. उनका स्किल डेवलपमेंट किया जाएगा. इसके साथ ही उन्हें आत्मनिर्भर बनने का मौका भी मिलेगा. ये मॉडल सुधारात्मक न्याय व्यवस्था को मजबूत करेगा. इस बारे में राज्य सरकार का कहना है कि इस जेल को बनाने उद्देश्य केवल सजा देना नहीं है. इसके साथ-साथ सुधार, पुनर्वास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है.
ओपन जेल क्या है?
ओपन जेल या खुली जेल एक ऐसी व्यवस्था है जहां कैदियों को ऊंची दीवारों और सख्त सिक्योरिटी निगरानी में नहीं रखा जाता है. इसमें अच्छा आचरण करने वाले कैदियों को रखा जाता है और उन पर सीमित निगरानी रखी जाती है. उन्हें काम सीखने का अवसर दिया जाएगा.
कैसे तय होगी कौन-से कैदी रखे जाएंगे?
जेल डीजी की अध्यक्षता वाली समिति तय करेगी की किन कैदियों को ओपन जेल में रखा जाएगा. इस चयन प्रक्रिया में अलग-अलग जेलों के अधीक्षक पात्र कैदियों को चुनेंगे. इसके बाद समिति को फाइल भेजेंगे. इस बारे में जांच की जाएगी. पात्र और योग्य पाए जाने के बाद कैदियों को ओपन जेल में भेजा जाएगा.
