भिलाई. जीवनसाथी ऐप के जरिए एक महिला से पहचान बढ़ाकर शादी का झांसा देने और फिर उसकी करीब 40 ग्राम वजनी सोने की चेन लेकर फरार होने का मामला सामने आया है. आरोपी ने पहले महिला का विश्वास जीता और फिर ट्रेन में सफर के दौरान चेन देखने के बहाने उतरवा ली. इसके बाद बाथरूम जाने का बहाना बनाकर भीड़ का फायदा उठाते हुए फरार हो गया. पीड़िता की शिकायत पर जीआरपी भिलाई ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस के अनुसार, खुर्सीपार निवासी 34 वर्षीय जी. रजनी के पति का वर्ष 2022 में निधन हो चुका है. उनके दो बच्चे हैं. वह खुर्सीपार के एक मैरिज भवन स्थित कैंटीन का संचालन करती हैं. 7 जून 2026 को जीवनसाथी ऐप पर उनकी पहचान आंध्र प्रदेश निवासी शिव रामकृष्ण नामक व्यक्ति से हुई थी. मोबाइल पर बातचीत के दौरान आरोपी ने उनसे शादी करने की इच्छा जताई और अपनी बातों से उनका विश्वास जीत लिया.
18 जून को आरोपी ने अपने बैंक खाते की ट्रांजेक्शन लिमिट समाप्त होने की बात कहकर महिला से 2200 रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर करवाए. इसके बाद भी वह लगातार शादी का भरोसा दिलाता रहा. 21 जून को महिला रायपुर से कोरबा एक्सप्रेस में विशाखापट्टनम पहुंची, जहां 22 जून को रेलवे स्टेशन पर आरोपी से मुलाकात हुई. आरोपी ने होटल में रुकने के लिए छल्ला नारायण के नाम का पहचान पत्र दिया, जबकि महिला को अपना नाम शिव रामकृष्ण बताया था. दोनों ने वहां कुछ समय साथ बिताया.
शिकायत के मुताबिक, 23 जून को आरोपी महिला के साथ रायपुर लौटा. इसके बाद दोनों ट्रेन से भिलाई आ रहे थे. इसी दौरान भिलाई-3 और पावर हाउस रेलवे स्टेशन के बीच आरोपी ने महिला के गले में पहनी करीब 40 ग्राम की सोने की चेन देखने के लिए मांगी. शादी का भरोसा होने के कारण महिला ने चेन उतारकर उसे दे दी. आरोपी चेन पहनकर बाथरूम जाने की बात कहकर निकला और ट्रेन में मौजूद भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया. महिला ने ट्रेन में उसकी तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला.
महिला ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय दुर्ग में शिकायत की थी. जांच के बाद शून्य में अपराध दर्ज कर आगे की विवेचना के लिए जीआरपी भिलाई भेजा गया. अब जीआरपी थाना भिलाई में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया है. पुलिस आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है.
