Vistaar NEWS

CG News: भिलाई स्टील प्लांट में करंट लगने से जूनियर इंजीनियर की मौत, कर्मचारियों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

Bhilai Steel Plant Junior Engineer dies of electrocution

भिलाई स्टील प्लांट में करंट लगने से जूनियर इंजीनियर की मौत, कर्मचारियों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

CG News: भिलाई स्टील प्लांट के यूनिवर्सल रेल मिल विभाग में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से एक जूनियर इंजीनियर की मौत हो गई. हादसे के बाद अस्पताल के बाहर कर्मचारियों और यूनियन पदाधिकारियों ने प्रदर्शन कर प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए.

डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित किया

हरियाणा निवासी जूनियर इंजीनियर विनोद कुमार दूसरी पाली में यूआरएम विभाग में क्रेन पर चढ़कर कार्य कर रहे थे. इसी दौरान वे अचानक करंट की चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए. उनके साथी कर्मचारियों ने उन्हें तत्काल सेक्टर-9 स्थित जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय एवं अनुसंधान केंद्र पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में बीएसपी कर्मचारी और यूनियन पदाधिकारी अस्पताल पहुंच गए.

यूनियन ने उठाया सुरक्षा व्यवस्था का मुद्दा

यूनियन नेताओं ने प्लांट में लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर प्रबंधन की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मैनपावर की कमी के कारण कर्मचारियों पर अतिरिक्त कार्यभार बढ़ रहा है. जिससे हादसों का खतरा बढ़ रहा है. मृतक के परिजनों ने उचित मुआवजे के साथ परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग की है. उनका कहना है कि चूंकि परिवार हरियाणा का रहने वाला है, इसलिए सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए एसएआईएल की हरियाणा या आसपास की किसी यूनिट में नौकरी दी जाए.

ये भी पढ़ें: Durg: नौकरी छोड़ चोर बना शख्स! कर्ज उतारने के लिए करने लगा चोरी, पुलिस ने 32 लाख का सामान बरामद किया

जिम्मेदार अधिकारियों का क्या कहना है?

वहीं, बीएसपी के एचआर संजय द्विवेदी ने कहा कि दुर्घटना बेहद दुखद है. मामले की जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के कारण स्पष्ट हो पाएंगे. उन्होंने बताया कि कंपनी के नियमानुसार मृतक के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी तथा प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है.

Exit mobile version