खैरागढ़. साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के बीच आमजन, विद्यार्थियों और युवाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से शुक्रवार को राजकुमारी इंदिरा कला एवं संगीत विश्वविद्यालय के कैंपस-2 स्थित आईकेएसवी सभागार में साइबर जागृति अभियान के तहत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में करीब 2 हजार छात्र-छात्राओं, नागरिकों और गणमान्यजनों ने सहभागिता की.
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े मुख्य अतिथि थीं, जबकि अध्यक्षता राजनांदगांव रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने की. मंत्री राजवाड़े ने विद्यार्थियों और नागरिकों से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की. उन्होंने साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की बात कही.
पुलिस महानिरीक्षक अजय कुमार यादव ने कहा कि समय के साथ अपराधों का स्वरूप तेजी से बदल रहा है. पारंपरिक अपराधों के साथ साइबर अपराध भी तेजी से बढ़ रहे हैं. ऐसे में डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित इस्तेमाल और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता बेहद जरूरी है. उन्होंने बताया कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की बदलती प्रकृति को देखते हुए लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं.
ओटीपी-पिन साझा नहीं करने की अपील
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और आमजन को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध फोन कॉल और संदेशों से सावधान रहने तथा ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की जानकारी दी गई. साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल 1930 पर शिकायत करने की अपील की गई.
कार्यक्रम के बाद मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और आईजी अजय कुमार यादव ने सेल्फी लेकर साइबर जागरूकता का संदेश प्रसारित किया. उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों और नागरिकों से भी सेल्फी के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने की अपील की.
कार्यक्रम में एडीजे खैरागढ़, विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. लवली शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रियंका खम्हन ताम्रकार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष विक्रांत सिंह, वनमंडलाधिकारी संजय यादव, एसडीएम खैरागढ़, जिला पंचायत सीईओ प्रेम कुमार पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष गिरजा चंद्राकर, जनपद पंचायत खैरागढ़ की अध्यक्ष राजश्री त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः रायपुर का स्पा सेंटर हुआ सील… मालिक और मैनेजर गिरफ्तार, होता था गंदा काम
