डोंगरगढ़. डोंगरगढ़ पुलिस ने नकली शराब बनाने और उसके लिए फर्जी होलोग्राम व लेबल तैयार करने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने प्रिंटिंग दुकान संचालक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं. इस कार्रवाई में पुलिस ने प्रिंटिंग मशीन, कंप्यूटर, मोबाइल और बोतलों समेत कुल 2,42,462/- का मशरूका जप्त किया है.
पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई डोंगरगढ़ थाना, मोहारा चौकी और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा की गई. विवेचना के दौरान यह खुलासा हुआ कि फरार आरोपी महेन्द्र वर्मा उर्फ बड़ा कट्टी के कहने पर आरोपी देवव्रत वर्मा ग्राम मोहारा स्थित ‘डायमंड कलेक्शन’ नामक प्रिंटिंग दुकान पर गया था. वहां छत्तीसगढ़ निर्मित ‘जम्मू व्हिस्की’ के लगभग 3,000 नकली लेबल और 3,000 होलोग्राम स्टीकर प्रिंट करवाए गए थे. पुलिस ने दुकान संचालक तेजेश्वर साहू और देवव्रत के बीच हुए UPI लेन-देन के डिजिटल साक्ष्य भी बरामद किए हैं.
कार्रवाई के दौरान आरोपी तेजेश्वर साहू की प्रिंटिंग दुकान से लेजर प्रिंटर, सीपीयू, मॉनिटर, की-बोर्ड, माउस, मोबाइल फोन और प्रिंटेड स्टीकर-लेबल (कीमत लगभग 1.5 लाख) जप्त किए गए. वहीं, आरोपी देवव्रत वर्मा से मोबाइल और एक-एक नग लेबल-स्टीकर (कीमत लगभग 20,000) तथा आनंद अग्रवाल से 180 एमएल क्षमता की 2,100 खाली प्लास्टिक बोतलें (जिन पर छत्तीसगढ़ आबकारी से जुड़े मार्का अंकित थे) व मोबाइल (कीमत लगभग 25,000) जप्त किए गए हैं. इसके अलावा पूर्व की कार्रवाई में 497 नग पौवा शराब (89.46 बल्क लीटर) और अन्य पैकेजिंग सामग्री भी जप्त की जा चुकी है.
आबकारी विभाग द्वारा किए गए परीक्षण में जप्त शराब प्रथम दृष्टया मिलावटी और री-बॉटलिंग की हुई पाई गई है, तथा जप्त लेबल व स्टीकर संदिग्ध व नकली बताए गए हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 537/2026, धारा 111, 336(3), 338, 340(2) BNS तथा आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी देवव्रत वर्मा का पूर्व का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः CG Rail News: श्रद्धालुओं के लिए खुशखबरी, अब इन स्टेशनों पर रुकेंगी 4 एक्सप्रेस ट्रेनें
