Vistaar NEWS

CG News: पूर्व CM भूपेश बघेल ने हाथ में खाए 3 चाबुक, निभाई सोटा प्रहार की परंपरा

bhupesh baghel

भूपेश बघेल

CG News: दुर्ग जिले के कुम्हारी इलाके में स्थित छोटे से गांव जंजगिरी में इस बार गोवर्धन पूजा के दिन कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला. दरअसल, ध्रुव गोंड समाज द्वारा आयोजित गौरा गौरी पूजा में पूर्व सीएम भूपेश बघेल शामिल हुए. पूर्व सीएम ने सालों से चली आ रही परंपरा निभाई और हांथ में 3 बार चाबुक खाए.

क्या है यह परंपरा ?

दरअसल, लक्ष्मी पूजा वाली रात यहां गौरा-गौरी को विराजमान किया जाता है. पहले देवी-देवताओं की विधि-विधान से आराधना होती है, नारियल अर्पित किया जाता है, फिर पारंपरिक गीतों पर नाच-गाना शुरू होता है.देर रात पूरे गांव में भ्रमण के बाद प्रतिमा को विदा किया जाता है. इसी परंपरा का एक अहम हिस्सा है सोटा मारने की रस्म.

बता दें कि, गोंड समाज में ऐसा माना जाता है कि सोटा पड़ने से मन का मैल धुल जाता है और जीवन में खुशहाली आती है. इसे साहस और श्रद्धा से जोड़कर भी देखा जाता है. इसी रस्म को निभाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री आगे आए. समाज के एक नौजवान ने उनके हाथ पर तीन दफा सोटा चलाया. बघेल ने जरा भी पीछे हटे बिना, हंसते हुए इस रस्म को स्वीकार किया. आसपास खड़े सैकड़ों लोग यह दृश्य अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए. बघेल हर बरस इस आयोजन में शिरकत करते रहे हैं.

पीएम मोदी के बस्तर दौरे पर कही बड़ी बात

पूर्व सीएम ने पीएम मोदी के बस्तर दौरे पर भी निशाना साधा.दिवाली वाले दिन पीएम मोदी के बस्तर पहुंचने को लेकर उन्होंने तंज कसा. कांग्रेस नेता ने कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का बस्तर में आना-जाना तो बहुत हो रहा है, लेकिन जमीन पर बदलाव नजर नहीं आ रहा. उन्होंने यह भी कहा कि नक्सल समस्या को कमजोर करने का काम उनकी सरकार के वक्त ही हो गया था, मौजूदा सरकार सिर्फ उसका श्रेय ले रही है.

Exit mobile version