Rajnandgaon News: धान खरीदी के सीजन में अवैध परिवहन पर लगाम लगाने के लिए राजनंदगांव जिला प्रशासन अब पूरी तरह सख्त हो गया है. कलेक्टर जितेन्द्र यादव ने खुद मोर्चा संभालते हुए पाटेकोरा बैरियर पहुंचकर जांच की. इस दौरान वहां से गुजर रहे दो ट्रक संदिग्ध लगे. जब अधिकारियों ने दोनों वाहनों को रुकवाकर जांच की तो उनमें अवैध रूप से धान भरा हुआ मिला.
प्रशासन ने दोनों ट्रकों को कब्जे में लिया
इसके बाद प्रशासन ने तुरंत दोनों ट्रकों को कब्जे में ले लिया. निरीक्षण के दौरान कलेक्टर के साथ जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, एसडीएम और खाद्य अधिकारी भी मौजूद थे. अधिकारियों ने बताया कि पहला ट्रक 742 बोरों से भरा था, जिसमें करीब 306 क्विंटल धान था. वहीं दूसरा ट्रक भी पूरी तरह धान से लदा था, उसमें 289 क्विंटल धान पाया गया. इस तरह दोनों वाहनों को मिलाकर कुल 595 क्विंटल अवैध धान पकड़ा गया.
प्रशासन ने धान को जप्त कर लिया है
प्रशासन ने दोनों ट्रकों और उनमें रखे धान को जप्त कर लिया है. अब नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. यह पता लगाया जा रहा है कि यह धान कहां से लाया जा रहा था और कहां पहुंचाया जाना था. इसमें किसी बड़े गिरोह या बिचौलियों की भूमिका है या नहीं, इसकी भी जांच होगी. कलेक्टर ने बैरियर पर तैनात कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि बाहर से आने वाले हर वाहन की बारीकी से जांच की जाए. बिना वैध कागज और अनुमति के धान लेकर आने वाले किसी भी वाहन को जिले में प्रवेश न करने दिया जाए.
उन्होंने कहा कि चेकपोस्ट पर लापरवाही बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी. कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी रखना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है. किसानों को उनकी मेहनत का सही दाम मिले, इसके लिए अवैध धान की आवक को हर हाल में रोका जाएगा. बिचौलियों और अवैध व्यापारियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी. जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि अवैध धान भंडारण या परिवहन की सूचना प्रशासन को दें.
