Vistaar NEWS

मां बम्लेश्वरी की पहाड़ियों के पास दिखा तेंदुआ, वीडियो वायरल

डोंगरगढ़. प्रज्ञागिरी पहाड़ पर तेंदुआ दिखाई देने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है. तेंदुए के पहाड़ की चट्टानों पर आराम करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी जा रही है.
जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात गश्त पर निकली पुलिस टीम ने प्रज्ञागिरी पहाड़ के मैदानी इलाके में तेंदुए को विचरण करते देखा. टीम ने लाइट की मदद से तेंदुए को मैदानी क्षेत्र से हटाकर पहाड़ की ओर जाने के लिए प्रेरित किया. इसके बाद तेंदुआ प्रज्ञागिरी पहाड़ की ओर चला गया. सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम को मौके पर तैनात किया गया है और पहाड़ व आसपास के इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है.

वन विभाग ने बढ़ाई निगरानी

वन विभाग की एसडीओ पूर्णिमा राजपूत ने बताया कि प्रज्ञागिरी पहाड़ पर तेंदुआ देखे जाने की सूचना मिली है. इसके बाद क्षेत्र में मुनादी कराई जा रही है और वन विभाग की टीम लगातार गश्त कर रही है. फिलहाल तेंदुए के हमले या किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने की कोई घटना सामने नहीं आई है. तेंदुए के प्रज्ञागिरी पहाड़ और आसपास के क्षेत्र में मौजूद होने की संभावना को देखते हुए वन विभाग लगातार निगरानी कर रहा है. लोगों से पहाड़ और आसपास के इलाकों में अकेले नहीं जाने तथा सतर्क रहने की अपील की गई है.

श्रद्धालुओं की आवाजाही से बढ़ी चिंता

प्रज्ञागिरी पहाड़ पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा स्थित है, जहां रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. वहीं, कुछ दूरी पर मां बम्लेश्वरी मंदिर भी है, जहां दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है. ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है. वन विभाग की ओर से Leopard Alert जारी करते हुए मुनादी कराकर लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है.

डोंगरगढ़ में पहले भी दिख चुके हैं तेंदुए

डोंगरगढ़ क्षेत्र में तेंदुआ दिखाई देने की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले मां बम्लेश्वरी पहाड़ पर भी तेंदुआ नजर आ चुका है. नगर के समीप अछोली स्थित सुदर्शन पहाड़ में भी तेंदुए को खुलेआम घूमते देखा गया था. बाद में वन विभाग की टीम ने पिंजरा लगाकर उसे पकड़ लिया था.
फिलहाल प्रज्ञागिरी पहाड़ पर वन विभाग की टीम लगातार नजर बनाए हुए है, ताकि तेंदुए की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा सके और किसी अप्रिय घटना को रोका जा सके.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः

Exit mobile version