इनपुट- मनोज सिंह
राजनांदगांव में जमीन बेचने के नाम पर 2 करोड़ 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. लालबाग पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को पर बीएनएस की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है. आरोप है की जमीन के सौदे में आरोपियों ने केवल 23 लाख रुपये का भुगतान किया और बाकि 1 करोड़ 61 लाख रुपये नहीं दिए.
चंदाबाई खरे ने दर्ज कराई शिकायत
ग्राम पेण्ड्री निवासी चंदाबाई खरे ने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि ग्राम पेण्ड्री स्थित उनकी जमीन खसरा नंबर 548/6, 0.48 एकड़ का सौदा 2 करोड़ 5 लाख में तय हुआ था. आरोपियों ने 23 लाख देकर बाकी 1 करोड़ 61 लाख नहीं दिए और जब उन्होंने बाकि रकम मांगी तो आरोपी विवाद करने लगे. आरोप है कि इस दौरान पुलिस को भी गुमराह करने की साजिश रची गई.
इन आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज
एसपी अंकिता शर्मा और एडिशनल एसपी कीर्तन राठौर के निर्देशन में सीएसपी वैशाली जैन ने जांच की. जांच में धोखाधड़ी प्रमाणित होने पर थाना लालबाग में अपराध क्रमांक 391/2026, धारा 318(4), 3(5) BNS के तहत केस दर्ज किया गया. पुलिस ने आरोपी प्रवीण झलके, प्रभात जैन और लाला यादव के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. लाला यादव राजनांदगांव के वर्तमान महापौर भारतीय जनता पार्टी के नेता मधुसूदन यादव के भाई है.
थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल कर रहे जांच
मामले की जांच लालबाग थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल कर रहे हैं. पुलिस जमीन से जुड़े दस्तावेजों, सौदे की शर्तों और पैसों के लेन-देन की जांच कर रही है. इसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी और अपराध घटित होने के तथ्य सामने आए. इसके बाद सीएसपी की ओर से कानूनी कार्रवाई के लिए रिपोर्ट भेजी गई.
ये भी पढ़ें: Korba News: रील नहीं देख पाई तो महिला ने ले ली खुद की जान, नेट नहीं चलने पर खाई कीड़े मारने की दवा
