Vistaar NEWS

CG News: बिजली विभाग के कर्मचारियों को बड़ी सौगात! कंपनी देगी 1.60 लाख करोड़ का बीमा लाभ, SBI के साथ अनुबंध

symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

CG News: छत्तीसगढ़ में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी सुविधा की घोषणा की गई है. कंपनी ने अपने अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर बैंकिंग सेवाओं और व्यापक बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने के लिए भारतीय स्टेट बैंक के साथ समझौता किया है. इस पहल के तहत कर्मचारियों को उन्नत वित्तीय सुविधाओं के साथ-साथ उच्च राशि का दुर्घटना बीमा कवर भी मिलेगा.

समझौते पर हुए हस्ताक्षर

इस समझौते पर कंपनी के प्रबंध निदेशक भीम सिंह कंवर की मौजूदगी में पावर कंपनी की ओर से महाप्रबंधक (वित्त) नवीन कुमार ठाकुर और एसबीआई के उप महाप्रबंधक राकेश कुमार सिन्हा ने हस्ताक्षर किए. जानकारी के मुताबिक, कंपनी में करीब आठ हजार नियमित अधिकारी और कर्मचारी कार्यरत हैं, जिन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा.

बीमा कवर में क्या मिलेगा?

समझौते के तहत सैलरी पैकेज से जुड़े कर्मचारियों को एक करोड़ रुपये तक का पर्सनल एक्सीडेंट बीमा, 1.60 करोड़ रुपये तक का एयर एक्सीडेंट कवर, एक करोड़ रुपये तक स्थायी दिव्यांगता बीमा और 80 लाख रुपये तक आंशिक दिव्यांगता कवर प्रदान किया जाएगा. इसके अलावा एसबीआई के रूपे डेबिट कार्ड के जरिए 10 लाख रुपये तक का अतिरिक्त पर्सनल एक्सीडेंट कवर और श्रेणी के अनुसार 50 लाख से एक करोड़ रुपये तक का हवाई दुर्घटना बीमा भी उपलब्ध होगा.

बैंकिंग सुविधाओं में राहत

बैंकिंग सुविधाओं के तहत कर्मचारियों को न्यूनतम बैलेंस रखने की बाध्यता से राहत मिलेगी. साथ ही मुफ्त इंटरनेट बैंकिंग, एसबीआई एटीएम पर असीमित लेनदेन, आरटीजीएस और एनईएफटी शुल्क में रियायत और लॉकर किराए में छूट जैसी सुविधाएं भी दी जाएंगी.

ये भी पढे़ं- बिलासपुर के ICICI बैंक में 1.38 करोड़ की हेर-फेर, पति के साथ मिलकर डिप्टी ब्रांच मैनेजर ने रची साजिश, दोनों फरार

Exit mobile version