Vistaar NEWS

CG News: बेमेतरा में किसानों के साथ धोखाधड़ी! खाद-बीज के लिए समिति में जमा की राशि, अब दिखा रहा बकाया

Farmers' Acknowledgement Receipt

किसानों की पावती रसीद

रिपोर्टर – भूपेंद्र साहू

CG News: बेमेतरा जिले से एक बड़ा और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां किसानों के साथ लाखों रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगा है. सेवा सहकारी समिति मुरता क्रमांक 1271 में वर्ष 2022-23 के दौरान किसानों द्वारा केसीसी यानी किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से खाद-बीज के लिए जमा की गई करीब 50 लाख रुपये की राशि कथित तौर पर बैंक में जमा ही नहीं की गई. इस मामले के सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है और पीड़ित किसान न्याय की गुहार लगा रहे हैं.

किसानों को नहीं मिला खाद बीज

बताया जा रहा है कि 100 से अधिक किसानों ने अपनी मेहनत की कमाई समिति में जमा की थी, ताकि समय पर उन्हें खाद और बीज मिल सके. लेकिन अब हालात ये हैं कि जिन किसानों ने राशि जमा की, उन्हीं के खातों में कर्ज बकाया दिखाया जा रहा है.

समाधान शिव‍िर में किसानों ने दर्ज कराई शिकायत

पीड़ित किसानों ने मोहतरा में आयोजित समाधान शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई. किसानों का कहना है कि पैसा जमा करने के बावजूद उन्हें खाद-बीज नहीं दिया जा रहा, जिससे उनकी खेती पर सीधा असर पड़ रहा है.

इस पूरे मामले पर किसानों का कहना है कि हमने पैसा जमा किया था, लेकिन सोसाइटी वाले बोल रहे हैं कि कर्ज बाकी है. खाद-बीज देने से मना कर दिया. घर आकर रसीद देखे तो पता चला गड़बड़ी हो गई है. किसानों के अनुसार, जब उन्होंने अपनी रसीदों की जांच की, तब इस पूरे घोटाले का खुलासा हुआ.

आरोप है कि समिति के कर्मचारियों ने किसानों से रकम तो वसूल ली, लेकिन उसे बैंक में जमा नहीं किया. इस पूरे मामले में सहायक समिति प्रबंधक राजेंद्र पांडे और रसीद काटने वाले अमित साहू का नाम सामने आ रहा है.

मंत्री दयाल दास बघेल ने दी चेतावनी

मामला सामने आने के बाद प्रदेश के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने सख्त रुख अपनाते हुए जांच के निर्देश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की बात कही है. वहीं मंच से सहकारिता विभाग के अधिकारी को चेतावनी देते हुए कहा कि जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा.

ये भी पढे़ं- Raipur: रायपुर में अफीम-डोडा तस्कर गिरफ्तार, पंजाब से ट्रेलर में छिपाकर लाया 15 लाख का माल, ऐसे हुआ खुलासा

Exit mobile version