Vistaar NEWS

CG News: भिलाई में गवाही का बदला लेने बदमाशों ने युवका पर किया चाकू से हमला, तीन बदमाश गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस

Miscreants Paraded Through the Streets

बदमाशों का निकाला जुलुस

CG News: छत्तीसगढ़ के भिलाई में पुरानी रंजिश ने मंगलवार रात हिंसक रूप ले लिया. छावनी थाना क्षेत्र में जेल से हाल ही में बाहर आए एक बदमाश ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर दो युवकों पर चाकू से हमला कर दिया. घटना रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपित शेख शाहरूख समेत तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने इलाके में उनका जुलूस भी निकाला और सार्वजनिक तौर पर उठक-बैठक करवाई. बाद में सभी को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया.

रात में घूमने निकले थे दोनों युवक

पुलिस के अनुसार घायल दोनों युवक आपस में दोस्त हैं. वे रात में खाना खाने के बाद इलाके में घूमने निकले थे, तभी शेख शाहरूख अपने साथियों के साथ वहां पहुंचा और अचानक उन पर हमला कर दिया. चाकू लगने से दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत नाजुक बनी हुई है.

पुरानी गवाही को लेकर थी दुश्मनी

जांच में सामने आया है कि आरोपित और पीड़ितों के बीच पहले से विवाद चल रहा था. बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने किसी पुराने मामले में शेख शाहरूख के खिलाफ गवाही दी थी, जिसके बाद से वह उनसे दुश्मनी रखता था. हाल ही में जेल से बाहर आने के बाद उसने बदला लेने की योजना बनाई और वारदात को अंजाम दिया.

सीसीटीवी फुटेज से आरोपितों तक पहुंची पुलिस

घटना के बाद छावनी पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की. इसके आधार पर मुख्य आरोपित समेत तीन लोगों को पकड़ लिया गया. पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपितों का मोहल्ले में जुलूस निकाला गया, जिसे देखने बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए.

ये भी पढे़ं- CG News: रायपुर में एक घर से मिला देसी बम बनाने का सामान, इलाके में मचा हड़कंप, पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरा

Exit mobile version