CG News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक महिला ने अपने पति पर शारीरिक और मानसिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला का कहना है कि उसका पति उसे अपनी धार्मिक परंपराओं का पालन करने के लिए मजबूर करता था और विरोध करने पर मारपीट करता था. महिला ने यह भी आरोप लगाए हैं कि पति बच्चों से पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगवाता था. इस संबंध में उसने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है.
प्रेम संबंध के बाद हुई शादी
पीड़िता मूल रूप से कोरबा जिले की रहने वाली है. उसके अनुसार, कुछ वर्ष पहले उसकी मुलाकात जोगीडीपा निवासी वसीम मोहम्मद से हुई थी. महिला का आरोप है कि वसीम ने खुद को तलाकशुदा बताकर उससे संबंध बनाए और बाद में वर्ष 2021 में दोनों ने मुस्लिम रीति-रिवाज से विवाह कर लिया. हालांकि शादी के बाद उसे पता चला कि वसीम पहले से शादीशुदा है और उसके पांच बच्चे भी हैं. महिला का कहना है कि पति ने अपनी पहली पत्नी को तलाक नहीं दिया था और यह जानकारी उससे छिपाई गई थी.
शादी के बाद बदला व्यवहार
महिला ने बताया कि शुरुआती दिनों में वैवाहिक जीवन सामान्य रहा, लेकिन बच्चे के जन्म के बाद पति का व्यवहार बदल गया. उसके मुताबिक, पति लगातार नमाज पढ़ने, कलमा सीखने और धार्मिक नियमों का पालन करने का दबाव बनाता था. वह रोजा भी रखती थी, लेकिन इसके बावजूद पति अक्सर उसके साथ मारपीट करता और कई बार घर से बाहर निकाल देता था.
मजबूरी का उठाया फायदा
पीड़िता का कहना है कि विवाह के बाद सामाजिक परिस्थितियों के कारण वह खुद को असहाय महसूस करने लगी थी और इसी का फायदा उसके पति ने उठाया. महिला ने आरोप लगाया कि वसीम अवैध शराब और गांजा कारोबार से जुड़ा हुआ है. वर्तमान में वह एक अन्य मामले में जेल में बंद है.
बच्चों से लगवाए पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि पति उसके और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार करता था तथा उन्हें जबरन पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने के लिए कहता था और हिंदुस्तान के खिलाफ गाली-गलौच करने को कहता था. उसका कहना है कि विरोध करने पर पति का व्यवहार और अधिक आक्रामक हो जाता था.
फिलहाल आरोपी जेल में होने के कारण महिला ने आगे आकर शिकायत दर्ज कराई है. उसने स्पष्ट किया है कि वह अब पति के साथ नहीं रहना चाहती और अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित है. पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढे़ं- CG News: लालच देकर धर्मांतरण कराने का मामला, तीन लोगों पर FIR दर्ज, जांच में जुटी पुलिस
