CG News: छत्तीसगढ़ में भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार के बीच का विवाद हर दिन एक नया मोड़ ले रहा है. आज विधायक के समर्थक सीतापुर थाने में पेश हुए हैं. पेश होने वाले समर्थकों पर नायब तहसीलदार से मारपीट के आरोप लगे हैं. मामले में पेश होने वाले आरोरियों में नाजिम रजा और पंकज गुप्ता शामिल है.
मामले में कल विधायक के समर्थकों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर 2 दिनों में नायब तहसीलदार की गिरफ्तारी की मांग की थी. इसके साथ ही उन्होंने गिरफ्तारी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी थी. मामले में सीतापुर, बतौली, मैनपाट, राजापुर और नवानगर के भाजपा मंडल अध्यक्ष ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था.
विधायक पर दर्ज एफआईआर रद्द करने की मांग
समर्थकों ने विधायक रामकुमार टोप्पो के खिलाफ दर्ज एफआईआर को भी रद्द करने की मांग की थी. इस मामले में युवाओं की टीम ने छात्र संगठन के नाम से कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था. बता दें कि इस पूरे मामले में नायब तहसीलदार और तहसीलदार सहित कई कर्मचारी संगठन पहले से ही विधायक की गिरफ्तारी के लिए हड़ताल पर बैठे हैं.
क्या है मामला?
इस पूरे मामले में नायब तहसीलदार ने आरोप लगाया कि विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थक मारपीट के इरादे से ही उनके पास आए थे. उन्होंने बहन के साथ अभद्रता का आरोप लगाकर उनके साथ मारपीट की थी, जबकि ऐसा नहीं हुआ था. घटना के बाद SDM फागेश सिन्हा अपनी गाड़ी में नायब तहसीलदार को बैठाकर अंबिकापुर के लिए निकल गए. घटना के बाद सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनकी बहन सीतापुर थाने पहुंचे और थाने में शिकायत दर्ज की गई है.
ये भी पढे़ं- विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थकों ने दी उग्र आंदोलन की चेतावनी, नायब तहसीलदार की गिरफ्तारी की मांग की
