Vistaar NEWS

Chhattisgarh: भाजपा ने शुरू किया सहायता केंद्र, साय सरकार के मंत्री सुनेंगे आम जनता की समस्याएं

chhattisgarh news

किरण सिंह देव

Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में भाजपा सरकार के मंत्री अब आम जनता से सीधे बातचीत कर उनकी समस्या सुनेंगे. भाजपा ने आज से प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में एक सहायता केंद्र खोला है. इस सहायता केंद्र पर साय सरकार के सभी मंत्री बैठेंगे और जनता की समस्या सुनकर समाधान करेंगे. भाजपा के बनाए गए सहायता केंद्र पर कोई भी आम जनता और कार्यकर्ता आकर अपनी समस्या की शिकायत कर सकता है. इसकी जानकारी भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव और मंत्री केदार कश्यप ने दी है.

दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक समस्याएं सुने जाएंगे

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि समस्याओं के निराकरण के लिए पार्टी ने एक सहायता केंद्र खोला है. इस केंद्र पर प्रदेश के मंत्रीगण और भाजपा प्रदेश पदाधिकारी नियमित रूप से कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और जन सामान्य की समस्याओं के निराकरण के लिए दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक मौजूद रहेंगे.

सहायता केंद्र पर उपलब्ध रहने वाले मंत्रियों की सूचि जारी

भाजपा ने सहायता केंद्र पर उपलब्ध रहने वाले मंत्रियों की सूची भी जारी की है. यह सभी मंत्री अलग-अलग तारीखों पर प्रदेश कार्यालय में समस्याओं को सुनने के लिए उपलब्ध रहेंगे. सहायता केंद्र खोले जाने के बाद आज पहले दिन 13 फरवरी को महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने समस्याओं को सुना है.

बता दें कि भाजपा के द्वारा जारी लिस्ट के मुताबिक 14 फरवरी को मंत्री दयाल दास बघेल और भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, 15 फरवरी को मंत्री टंकराम वर्मा और शिवरतन शर्मा, 16 फरवरी को मंत्री बृजमोहन अग्रवाल और निर्मल सिन्हा, 19 फरवरी को मंत्री रामविचार नेता और प्रदेश महामंत्री रामजी भारती, 20 फरवरी को मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल और मधुसूदन यादव सहायता केंद्र में मौजूद रहेंगे.

22 को विजय शर्मा और 26 को अरुण साव सुनेंगे समस्या

भाजपा के सहायता केंद्र पर 21 फरवरी को मंत्री केदार कश्यप और सरला कोसरिया, 22 फरवरी को उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा और प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, 23 फरवरी को मंत्री ओपी चौधरी और भरतलाल वर्मा, 26 फरवरी को उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उद्धेश्वरी पैंकरा, 27 फरवरी को मंत्रीलखन लाल देवांगन और प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, 28 फरवरी को मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और शिवरतन शर्मा, 29 फरवरी को मंत्री दयाल दास बघेल और भूपेंद्र सवन्नी भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सहायता केंद्र में मौजूद रहेंगे.

Exit mobile version