Vistaar NEWS

CG News: छत्तीसगढ़ में पिकअप चालक हड़ताल पर, भाड़ा दर बढ़ाने की मांग को लेकर पुरानी कृषि उपज मंडी में धरना

Pickup drivers on strike

पिकअप वाहन चालक हड़ताल पर

रिपोर्ट – अभिषेक मिश्रा

CG News: धमतरी में लगातार बढ़ती महंगाई और वर्षों से परिवहन भाड़ा दरों में संशोधन नहीं होने से नाराज पिकअप वाहन चालक संघ ने जिले की पुरानी कृषि उपज मंडी में हड़ताल शुरू कर दी है. चालक संघ का कहना है कि डीजल, टायर, स्पेयर पार्ट्स, वाहन मरम्मत, बीमा और अन्य संचालन खर्चों में लगातार वृद्धि हो रही है, लेकिन परिवहन भाड़ा आज भी पुराने दरों पर ही संचालित किया जा रहा है. इससे वाहन चलाना और परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है.

बढ़ती लागत से आर्थिक संकट गहराया

पिकअप चालक संघ के सदस्यों ने बताया कि बढ़ती लागत के कारण उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है. वर्तमान भाड़ा दरों में वाहन संचालन करने पर पर्याप्त आय नहीं हो पा रही है, जिससे परिवार की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करना भी चुनौती बन गया है. इसी मांग को लेकर चालक संघ के सदस्य पुरानी कृषि उपज मंडी परिसर में हड़ताल पर बैठ गए हैं.

भाड़ा दरों में संशोधन की रखी मांग

संघ ने परिवहन भाड़ा दरों में संशोधन की मांग करते हुए नया प्रस्ताव भी रखा है. मांग के अनुसार धमतरी से दूरस्थ क्षेत्रों के लिए 60 रुपये प्रति क्विंटल तथा धमतरी-रायपुर और रायपुर-धमतरी मार्ग के लिए 70 रुपये प्रति क्विंटल भाड़ा निर्धारित किए जाने की मांग की गई है. इस संबंध में व्यापारियों और राइस मिल संचालकों को ज्ञापन भी सौंपा गया है.

मांग पूरी होने तक जारी रहेगी हड़ताल

चालक संघ का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक वे अपने वाहन नहीं चलाएंगे. हड़ताल में 100 से अधिक पिकअप चालक शामिल बताए जा रहे हैं. इसके चलते मंडियों और परिवहन कार्यों पर भी असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है.

व्यापारियों और राइस मिल संचालकों से की अपील

संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि वे वर्षों से व्यापारियों और राइस मिल संचालकों को अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं, लेकिन बढ़ती महंगाई के बीच पुराने भाड़े पर काम करना अब संभव नहीं रह गया है. इसलिए सभी संबंधित पक्षों से उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर उचित निर्णय लेने की अपील की गई है.

ये भी पढे़ं- CG News: विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े तहसीलदार, आज से करेंगे अनिश्चितकालीन हड़ताल, काम-काज रहेगा ठप्प

Exit mobile version