Raipur Mango Festival 2026: रायपुर में 29 मई से शुरू होगा ‘मैंगों फेस्टिवल’, आकर्षण का केंद्र बनेगा दुनिया का सबसे महंगा आम ‘मियाजाकी’
सांकेतिक तस्वीर
Miyazaki Mango Main Attraction: आम प्रेमियों के लिए बेहद ही खास खबर सामने आई है. राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में तीन दिवसीय आम महोत्सव होने जा रहा है. इस महोत्सव में मियाजाकी और नूरजहां जैसी 250 से अधिक किस्मों के स्टाल लगाए जाएंगे. यहां पर लोग देखने के साथ-साथ फल और पौधे भी खरीद सकेंगे. महाविद्यालय परिसर में 29 से 31 मई तक आम महोत्सव का आयोजन किया जाएगा.
आम के साथ फसलों का भी होगा प्रदर्शन
महोत्सव के पहले दिन 9 बजे से 12 बजे तक प्रविष्टियों का पंजीयन किया जाएगा. इसके बाद प्रदर्शनी को रात 9 बजे तक लोगों के लिए खोल दी जाएगी. राजधानी में होने वाले इस अनूठे महोत्सव में देश-विदेश से आम के अलग-अलग किस्मों का प्रदर्शन किया जाएगा. प्रदर्शनी में देश के विभिन्न राज्यों के किसान अपनी फसलों को भी महोत्सव में शामिल करेंगे.
महोत्सव में कई किस्म के होंगे आम
महोत्सव में कई किस्म के आम रहेंगे – दशहरी, लंगड़ा, बाम्बे ग्रीन, चौसा, मालदा, हिमसागर, सुन्दरजा, केसर, अलफांसो, तोतापरी और नीलम और संकर (हाइब्रिड) किस्म- मल्लिका, आम्रपाली, पूसा अरुणिमा, अम्बिका, रत्ना, सिंधु और विशिष्ट किस्में- हाथीझूल, नूरजहां, लड्डू और गुलाब खास, विदेशी (एक्जोटिक), वहीं इसमें दूनिया का सबसे महंगा आम मियाजाकी टामी एटकिन्स और गोल्डन नगेट्स भी प्रदर्शनी में देखे जा सकेंगे.
महाेत्सव में आयोजित होगी रोमांचक प्रतियोगिताएं
राजधानी में होने वाले इस अनोखे महोत्सव में केवल आम का ही प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि महोत्सव में और भी कई प्रकार की रोमांचक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी. इसमें बच्चों के लिए मैंगो फैंसी ड्रेस, मैंगो क्विज और विद्यार्थियों के लिए आम की सजावट वाली प्रतियोगिता रखी जाएगी. महोत्सव में मशहूर शेफ आकांक्षा राय भी मौजूद रहेंगी, जो लोगों को आम से बनने वाले नए-नए व्यंजन सिखाएंगी.
प्रतिभागी ले सकेंगे महोत्सव में भाग
महोत्सव के दौरान प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागी को आम से बने अचार, चटनी, आम पापड़, आमरस, पना, शर्बत, जैम और मिठाईयों के साथ भाग ले सकते हैं. इसमे प्रतिभागी को कम से कम 250 ग्राम उत्पाद रखना जरूरी है. जानकारी के अनुसार आम उत्पादक किसानों को अपनी आम किस्मों का प्रदर्शन करने के लिए न्यूनतम 5 से 10 आम साथ लाना अनिवार्य होगा.
सम्मान समारोह के बाद होगा समापन
आम महोत्सव के दूसरे दिन दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक आम उत्पादन और समस्या एवं समाधान विषय पर मंथन सेमिनार होगा. किसानों को इसमे सरकारी योजनाओं, उच्च गुणवत्ता उत्पादन और मार्केंटिग समेत कई प्रकार की जानकारी दी जाएगी. वहीं तीसरे दिन दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक सफल आम उत्पादकों और उद्यमियों की सफलता वाली कहानी दिखाई जाएगी. इसके बाद शाम में पुरस्कार का वितरण और सम्मान समाराेह के साथ महोत्सव का समापन किया जाएगा.
ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ में ‘बंधा मतौर’ की अनोखी परंपरा, जहां ढोल-नगाड़ों की थाप पर उछलती हैं मछलियां