Vistaar NEWS

CG News: छत्तीसगढ़ में NEET परीक्षा के लिए बने 127 सेंटर, एयरफोर्स पहुंचाएगी पेपर, 21 जून को होगा एग्जाम

symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

CG News: 21 जून को दोबारा आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 की परीक्षा को लेकर छत्तीसगढ़ में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी है. परीक्षा को पूरी तरह से निष्‍पक्ष, पारदर्शी और सुरक्षित ढंग से करने के लिए राज्य सरकार अलर्ट मोड पर नजर आ रही है.

प्रशासन ने परीक्षा के लिए प्रदेश के 19 शहरों में 127 एग्जाम सेंटर बनाए हैं. परीक्षा का पेपर भी एयरफोर्स के माध्‍यम से परीक्षा केंद्रों पर पहुंचेगा. इसके लिए केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के भी इंतजाम किए जाएंगे.

मुख्‍य सचिव ने ली अधिकारियों की बैठक

परीक्षा को लेकर मुख्‍य सचिव विकासशील की अध्‍यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में सभी जिलों के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक वीडियो कॉन्‍फ्रेंसिंग के माध्‍यम से शामिल हुए. इस बैठक में NEET परीक्षा के लिए एग्जाम सेंटर की सुरक्षा, प्रश्नपत्रों को सुरक्षित यातायात के माध्‍यम से कड़ी कानून व्‍यवस्‍था के साथ पहुंचाने के लिए समीक्षा की गई.

मुख्‍य सचिव ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए है कि, केंद्र सरकार और राष्‍ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) की तरफ से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह से पालन करना सुनिश्च‍ित किया जाए.

ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष योजना के निर्देश

बता दें कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस भी मनाया जाएगा. इसको ध्‍यान में रखते हुए मुख्‍य सचिव ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं. उन्‍होंने कहा है कि प्रदेश में योग दिवस से जुडे़ कार्यक्रमों का परीक्षा पर किसी प्रकार से कोई असर नहीं पड़ना चाहिए. परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले सभी रास्‍तों पर ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष योजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं.

20 जून को प्रदेश में होगी मॉकड्रिल

प्रदेश में तैयारियों की अंतिम जांच के लिए प्रशासन 20 जून को मॉकड्र‍िल आयोजित करेगी. इसके साथ ही परीक्षा के प्रश्नपत्र और ओएमआर शीट एयर फोर्स के माध्‍यम से जिलों तक पहुंचाई जाएंगी. हर जिले में इसके लिए कांट्रोल रूप भी स्‍थाप‍ित किए जांएगे, जिससे परीक्षा पर कड़ी निगरानी रखी जाए.

ये भी पढे़ं- छत्तीसगढ़ के 10वीं-12वीं बोर्ड की परीक्षा फीस में बढ़ोतरी, माशिमं ने जारी किया आदेश, जानिए अब कितने रुपये देने होंगे

Exit mobile version