CG News: छत्तीसगढ़ में मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) होने के बाद अब मतदाता सूची में एक बार फिर मतदाताओं की संख्या में बढ़ोतरी हुई है. एसआईआर के बाद फरवरी 2026 में जारी हुई लिस्ट में एक करोड़ 87 लाख 30 हजार 914 मतदाताओं के नाम शामिल थे. वहीं, अब 12 नवंबर को सामने आई नई लिस्ट में मतदाताओं की संख्या एक करोड़ 90 लाख 16 हजार 768 हो गई है. दोनों लिस्ट की तुलना करने पर मतदाताओं की संख्या में पहले से 2 लाख 85 हजार 854 की बढ़ोतरी देखी गई है.
साल 2025 में शुरू हुआ था SIR
राज्य से 27 अक्टूबर 2025 से मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण SIR की प्रक्रिया शुरू हुई थी. प्रक्रिया के समय 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 मतदाता शामिल थे. चार महीने तक एसआईआर की चरणबद्ध प्रक्रिया में विभिन्न चरणों के अंतर्गत दावा-आपत्ति के बाद आखिरी लिस्ट जारी की गई थी. SIR प्रक्रिया के दौरान निर्वाचन आयोग ने राज्य से 24 लाख 99 हजार 823 मतदाताओं के नाम सूची से हटाए थे. इसमें मृत, स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्ट के मतदाताओं के नाम शामिल थे.
इस लिस्ट के जारी होने के बाद नए मतदाताओं के पंजीयन और छूटे हुए पात्र मतदाताओं के नामों को जोड़ने की प्रक्रिया शुरू हुई. नए नाम जोड़ने की प्रक्रिया का असर अब नई सूची में दिखाई दे रहा है. हालांकि अभी ये केवल एक प्रारूप मतदाता सूची है. दावा-आपत्ति और संशोधन की प्रक्रिया के पूरे होने के बाद आयोग अंतिम सूची जारी करेगा. इस प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं की संख्या में बदलाव संभव हो सकता है.
11 दिसंबर तक दावा-आपत्ति
मतदाता ड्रफ्ट सूची में अपना नाम न होने, जानकारी में गलती या फिर अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल होने पर 11 दिसंबर तक दवा-आपत्ति दर्ज कर सकते हैं. वहीं, नए मतदाता पंजीकरण के लिए फार्म 6, नाम विलोपन के लिए फार्म 7, और संशोधन एवं स्थानांतरण के लिए फार्म 8 को भरना होगा.
इसके साथ ही 1 जनवरी 2027 तक अपनी 18 वर्षीय आयु पूरी करने वाले युवा और एक अप्रैल, एक जुलाई या फिर एक अक्टूबर 2027 को 18 साल के होने वाले युवा पहले से फार्म-6 भर सकते हैं. मतदाता द्वारा दर्ज की गए दावों और आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर को किया जाएगा. इसके अलावा नई और अंतिम मतदाता सूची 4 जनवरी 2027 को जारी की जाएगी.
टाेल फ्री नंबर की मदद भी ले सकते हैं
मतदाता अपना नाम जुड़वाने या फिर किसी भी प्रकार की कठिनाई आने पर आयोग के टोल-फ्री नंबर 1950 या फिर ईसीआइएनईटी पर बुक एक काल विथ बीएलओ के माध्यम से बीएलओ से संपर्क किया जा सकता है. यदि और आधिक जानकारी लेना है तो आप आयोग की आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ पर जा सकते हैं.
