CG News: मध्य प्रदेश के सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद छत्तीसगढ़ में भी अवैध शराब के खिलाफ निगरानी बढ़ा दी गई है. आबकारी विभाग ने पूरे प्रदेश में विशेष जांच अभियान शुरू करने का फैसला लिया है. अंतरराज्यीय सीमाओं, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में बने चेकपोस्ट पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी और संदिग्ध वाहनों की जांच होगी.
रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक जांच
रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और एयरपोर्ट भी जांच के दायरे में रहेंगे. मंगलवार को वाणिज्यिक कर (आबकारी) विभाग के सचिव की अध्यक्षता में हुई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अभियान की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया गया. जिला स्तर पर पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के सहयोग से विशेष टीमें बनाने के निर्देश दिए गए हैं.
इन टीमों का मकसद केवल अवैध शराब पकड़ना नहीं होगा, बल्कि जहरीली शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली स्पिरिट के स्रोत का पता लगाना भी होगा. विभाग संदिग्ध सप्लाई चैन की भी जांच करेगा, ताकि अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी तरीके से रोक लगाई जा सके.
हर दिन मुख्यालय भेजनी होगी रिपोर्ट
अभियान की निगरानी राज्य स्तर से की जाएगी. राज्य स्तरीय उड़नदस्ता के प्रभारी अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है. सभी जिला कार्यालयों और उड़नदस्ता टीमों को रोज की कार्रवाई की समेकित रिपोर्ट अगले दिन दोपहर 12 बजे तक मुख्यालय भेजनी होगी. लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है.
सागर जाएगी चार अधिकारियों की टीम
छत्तीसगढ़ आबकारी विभाग सागर की घटना की पड़ताल के लिए चार अधिकारियों की टीम मध्य प्रदेश भेजने की तैयारी में है. आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा ने टीम भेजने की अनुमति के लिए विभाग के सचिव को पत्र लिखा है. प्रस्तावित टीम में अपर आयुक्त आशीष श्रीवास्तव और पी.एल. साहू, बिलासपुर संभागीय उड़नदस्ता प्रभारी उपायुक्त अजय सिंह धुर्वे और सहायक जिला आबकारी अधिकारी उमेश अग्रवाल शामिल हैं.
स्थानीय प्रशासन से समन्वय करेगी टीम
टीम सागर पहुंचकर स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय करेगी और घटना के साथ अवैध शराब की सप्लाई तथा इस्तेमाल की गई स्पिरिट के स्रोत से जुड़ी जानकारी जुटाएगी. वापसी के बाद टीम अपनी रिपोर्ट छत्तीसगढ़ सरकार को सौंपेगी. इस जानकारी के आधार पर प्रदेश में ऐसी घटनाओं की आशंका को रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे.
14405 पर दे सकते हैं शिकायत
आबकारी विभाग ने लोगों से अवैध शराब की सूचना टोल-फ्री नंबर 14405 या ‘मनपसंद’ मोबाइल ऐप के जरिए देने की अपील की है. विभाग ने लोगों से केवल अधिकृत शराब दुकानों से ही शराब खरीदने की सलाह दी है.
ये भी पढे़ं- सागर कांड के बाद पूरे मध्य प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ अभियान तेज, लापरवाही पर अधिकारी होंगे जिम्मेदार
