CG News: कांग्रेस नेता राहुल गांधी 21 जून को एक दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ के अभनपुर पहुंचे थे जहां वे कांग्रेस के 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए. यहां उन्होंने 40 मिनट तक सीनियर नेताओं से मुलाकात की. इसी बीच रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सरगुजा से BJP सांसद चिंतामणि महाराज और कांग्रेस नेता राहुल गांधी की मुलाकात से सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं.
रायपुर एयरपोर्ट पर साथ दिखे राहुल गांधी और चिंतामणि महाराज
राहुल गांधी और चिंतामणि महाराज एयरपोर्ट के वेटिंग एरिया में बैठे नजर आ रहे हैं. दोनों नेताओं की मुलाकात के बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं, बता दें कि चिंतामणि महाराज कभी कांग्रेस का हिस्सा रहे हैं और विधायक भी रह चुके हैं. बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया था. ऐसे में राहुल गांधी और चिंतामणि महाराज की मुलाकात को लेकर अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं.
राहुल गांधी ने कई मुद्दों पर की चर्चा
रायपुर में चल रहे कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी शामिल हुए. बैठक के बाद पूर्व डिप्टी सीएम टीएस सिंहदेव ने बताया कि कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश के मौजूदा हालात और विभिन्न मुद्दों पर राहुल गांधी के साथ विस्तृत चर्चा की और उन्हें अपनी राय से अवगत कराया. टीएस सिंहदेव ने कहा कि तमनार और हसदेव क्षेत्र से जुड़े मुद्दों को लेकर भी रणनीति तैयार की गई है. उन्होंने बताया कि प्रभावित लोगों से कांग्रेस के नेता सीधे मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं व मांगों को समझकर आगे की रणनीति तय की जाएगी.
ये भी पढ़ें- CG News: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के योग पर छिड़ा विवाद, पूर्व विधायक गुलाब कमरो ने ‘कमल’ के अपमान का लगाया आरोप
बीजेपी ने साधा निशाना
कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर और राहुल गांधी के दौरे को लेकर बीजेपी ने तंज कसा है. बीजेपी नेताओं का कहना है कि राहुल गांधी की ट्रेनिंग का कांग्रेस पर कोई असर पड़ने वाला नहीं है. पार्टी ने कटाक्ष करते हुए कहा कि राहुल गांधी यहां “मेंढक तौलने” आए थे, लेकिन कांग्रेस को एकजुट करना उनके बस की बात नहीं है. बीजेपी का दावा है कि कांग्रेस में अंदरूनी खींचतान खत्म होने वाली नहीं है और पार्टी के नेता कभी एकजुट नहीं हो सकते. साथ ही तंज कसते हुए कहा गया कि अगले ढाई साल में कांग्रेस को खुद अपनी स्थिति का अंदाजा हो जाएगा.
