Vistaar NEWS

CBSE का बड़ा फैसला, वेरिफिकेशन के बाद भी नहीं बढ़े नंबर, छात्र क्षेत्रीय कार्यालय में जाकर देख सकेंगे अपनी आंसर शीट

symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

CG News: सीबीएसई ने बोर्ड परीक्षा परिणामों को लेकर छात्रों की शंकाओं के समाधान के लिए एक नई पहल की है. पहली बार बोर्ड ने ऐसी व्यवस्था शुरू की है, जिसके तहत वे विद्यार्थी अपनी उत्तर पुस्तिका की प्रत्यक्ष जांच कर सकेंगे, जिनके अंकों में सत्यापन (वेरिफिकेशन) के बाद भी कोई बदलाव नहीं हुआ.

वेरिफिकेशन के बाद मिलेगा मौका

बोर्ड द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार यह सुविधा केवल उन्हीं छात्रों को मिलेगी, जिन्होंने पहले अंकों के वेरिफिकेशन के लिए आवेदन किया था और जांच के बाद उनके परिणाम में किसी प्रकार का संशोधन नहीं हुआ. ऐसे विद्यार्थी अब संबंधित सीबीएसई क्षेत्रीय कार्यालय में जाकर अपनी उत्तर पुस्तिका का भौतिक निरीक्षण कर सकेंगे. इसके लिए विस्तृत दिशा-निर्देश और समय-सारिणी जल्द जारी की जाएगी.

पारदर्शिता बढ़ाने की पहल

अब तक वेरिफिकेशन प्रक्रिया पूरी होने के बाद छात्रों के पास अपनी उत्तर पुस्तिका को दोबारा देखने का कोई अवसर नहीं होता था. नई व्यवस्था लागू होने से विद्यार्थियों को मूल्यांकन प्रक्रिया को समझने और अपनी शंकाएं दूर करने का अतिरिक्त मौका मिलेगा. बोर्ड का मानना है कि इससे परीक्षा मूल्यांकन प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ेगी और छात्रों का भरोसा भी मजबूत होगा.

छात्रों को मिलेगी राहत

इस फैसले से खासतौर पर उन छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है, जिन्हें लगता है कि उनकी कॉपी की जांच के दौरान कोई त्रुटि हुई हो सकती है. अब वे सीधे बोर्ड कार्यालय में जाकर अपनी उत्तर पुस्तिका की जांच कर सकेंगे और संतोषजनक जानकारी प्राप्त कर पाएंगे.

री-इवैल्यूएशन परिणाम भी जारी

वहीं, सीबीएसई ने कक्षा 12वीं के री-इवैल्यूएशन परिणाम भी जारी करने की प्रक्रिया तेज कर दी है. बोर्ड ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त आवेदनों में से 87 प्रतिशत से अधिक के नतीजे घोषित किए जा चुके हैं. शेष मामलों पर काम जारी है और जल्द ही बाकी विद्यार्थियों के संशोधित परिणाम भी जारी कर दिए जाएंगे.

ये भी पढे़ं- CBSE री-इवैल्यूएशन पोर्टल पर उमड़ी छात्रों की भीड़, 40 हजार पार पहुंचे आवेदन, कई समस्‍याओं का करना पड़ रहा सामना

Exit mobile version