Vistaar NEWS

CG News: 7 दिनों में 376 नमूने लिए गए, 550 किलो से एनालॉग पनीर नष्ट

CG News: रायपुर. त्योहारी सीजन के मद्देनजर आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य एवं औषधि प्रशासन द्वारा ‘बने खाबो, बने रहिबो 2.0’ अभियान चलाया जा रहा है. खाद्य एवं परिवार कल्याण विभाग के मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के निर्देशन और नियंत्रक दीपक कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन में विभाग द्वारा यह कार्रवाई की जा रही है.
अभियान के पहले सात दिनों के भीतर पूरे प्रदेश से कुल 376 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए गए हैं. इनमें 184 विधिक (Legal) और 192 सर्विलांस नमूने शामिल हैं, जिनमें 288 खुले और 88 पैक्ड खाद्य पदार्थ हैं.

एनालॉग पनीर पर विशेष निगरानी और कार्रवाई

31 जुलाई 2026 के बाद पनीर एवं एनालॉग पनीर को लेकर लिए गए निर्णय के अनुपालन में विभाग ने इस श्रेणी पर विशेष नजर रखी है. अभियान के दौरान पनीर और एनालॉग पनीर के कुल 81 नमूने (64 विधिक और 17 सर्विलांस) लिए गए. नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लगभग 550 किलोग्राम एनालॉग पनीर एवं 225 किलो अन्य खाद्य सामग्री को मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त मानते हुए मौके पर नष्ट कराया गया. महासमुंद में असुरक्षित नमूने मिलने पर संबंधित फैक्ट्री को सील कर अनुज्ञप्ति निलंबित की गई तथा करीब 300 किलोग्राम सामग्री नष्ट की गई. इसके अलावा बिलासपुर, राजनांदगांव, बलौदाबाजार, कोरबा और रायपुर में भी निरीक्षण और शिकायतों के आधार पर सख्त कार्रवाई की गई है. विभाग ने होटल एवं केटरिंग संचालकों को प्रतिबंधित एनालॉग पनीर का उपयोग न करने की कड़ी चेतावनी दी है और 4 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस/पंजीयन निलंबित किए हैं.

व्यापक निरीक्षण और आगामी निर्देश

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मिठाई दुकानों, होटलों, ढाबों और डेयरी इकाइयों का सघन निरीक्षण किया है. आगामी त्योहारों को देखते हुए दूध, दुग्ध उत्पाद, मिठाई और अन्य संवेदनशील खाद्य पदार्थों पर यह निगरानी लगातार जारी रहेगी. विभाग ने सभी कारोबारियों को FSSAI से मान्यता प्राप्त रंगों का उपयोग करने, हाइजीनिक परिस्थितियां बनाए रखने, खाद्य सामग्री ढककर रखने और अखबारी कागज का इस्तेमाल न करने के कड़े निर्देश दिए हैं. साथ ही, खाद्य सुरक्षा से जुड़ी किसी भी शिकायत के लिए विभागीय हेल्पलाइन नंबर 9340597097 पर संपर्क किया जा सकता है.

ये खबर भी जरूर पढ़ेंः छत्तीसगढ़ः आसमान से आई मौत CCTV में हुई कैद, खेत में काम करने के बाद घर जा रही थी महिला

Exit mobile version