Vistaar NEWS

‘घर के अंदर की बातें पान ठेले में नहीं होनी चाहिए…’, बीजेपी कार्यकर्ताओं को सीएम विष्णु देव साय का निर्देश

CG News

BJP के सभी प्रकोष्ठों की प्रदेश कार्यसमिति बैठक

CG News: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में पार्टी के सभी प्रकोष्ठों की प्रदेश कार्यसमिति बैठक हुई. बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, प्रदेश संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी और अलग-अलग प्रकोष्ठों के प्रदेश संयोजक और पदाधिकारी शामिल हुए. इस दौरान सीएम विष्णु देव साय ने बीजेपी कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि घर के अंदर की बातें पान ठेले में नहीं होनी चाहिए.

बीजेपी की बैठक में सीएम साय ने कार्यकर्ताओं को दिया निर्देश

वहीं बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार ही पार्टी को दोबारा सत्ता में लाने का आधार बनेगा. उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करें.

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कार्यशैली समझाते हुए कई प्रतीकात्मक उदाहरण दिए. उन्होंने कहा कि “कार्यकर्ता के पास बर्फ की फैक्ट्री होनी चाहिए”, यानी उसका दिमाग हमेशा शांत रहना चाहिए. “मुंह में शक्कर की फैक्ट्री होनी चाहिए”, यानी सभी से मधुर व्यवहार करना चाहिए. वहीं “पैरों में चक्र होना चाहिए”, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर पार्टी की विचारधारा और सरकार की योजनाओं को पहुंचाया जा सके.

घर के अंदर की बातें पान ठेले में नहीं होनी चाहिए – सीएम साय

उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता में पार्टी के प्रति अगाध श्रद्धा और समर्पण होना चाहिए, जिससे संगठन में प्रेम, विश्वास और आपसी समन्वय बना रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी एक परिवार हैं और परिवार में कभी-कभी मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन अंततः सभी को मिलकर पार्टी और संगठन के हित में काम करना चाहिए.

मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को अनुशासन का संदेश देते हुए कहा कि ‘संगठन के अंदर की बातें सार्वजनिक स्थानों या पान ठेलों पर चर्चा का विषय नहीं बननी चाहिए’. आज सोशल मीडिया का दौर है, इसलिए अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से भी सतर्क रहना जरूरी है.

ये भी पढ़ें- CG Police Transfer: छत्तीसगढ़ पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, इन 15 अधिकारियों का ट्रांसफर, यहां देखें लिस्ट

Exit mobile version