IGKV Exam Paper Leaked: छत्तीसगढ़ के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में परीक्षा को लेकर विवाद हो गया है. जहां छात्रों ने बीएससी सेकंड ईयर के एंटोमोलॉजी विषय का पेपर लीक होने का आरोप लगाया है.
छात्रों ने आरोप लगाया कि आज होने वाली परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र छात्रों के बीच पहुंच गया, जिसके बाद छात्रों में नाराजगी देखने को मिल रही है.
छात्रों ने सोशल मीडिया पर वायरल होने का किया दावा
जानकारी के अनुसार इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में आज एंटोमोलॉजी का सेमेस्टर एग्जाम आयोजित किया जाना था। परीक्षा का समय सुबह 10 बजे निर्धारित था. छात्रों का दावा है कि परीक्षा शुरू होने से करीब दो घंटे पहले ही एंटोमोलॉजी का पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
पेपर वायरल होने की जानकारी सामने आने के बाद छात्रों ने इसका विरोध किया और विश्वविद्यालय प्रशासन के सामने अपनी आपत्ति दर्ज कराई. हालांकि, वायरल पेपर वास्तव में परीक्षा का मूल प्रश्नपत्र है या नहीं और यह सोशल मीडिया तक कैसे पहुंचा, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपा ज्ञापन
पेपर वायरल होने की जानकारी के बाद छात्रों ने विरोध जताया। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. छात्रों का कहना है कि परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर पहुंचने की घटना परीक्षा व्यवस्था और विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा गंभीर विषय है. अब विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाया जाता है, इस पर नजर है.
ये भी पढ़ें- बच्चों की फेवरेट Ice Cream बैन! जांच में अनसेफ निकली ‘भीम मैंगो आइस कैंडी’, बस्तर में बिक्री बैन
