CG News: रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित बेंद्री डैम में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया. पिकनिक मनाने पहुंचे चार दोस्तों में से एक युवक नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गया. जिससे उसकी मौत हो गई. डूबने वाले युवक की पहचान सुधांशु तिवारी (30 वर्ष), निवासी उरला के रूप में हुई है.
बेंद्री डैम में डूबने से युवक की मौत
जानकारी के अनुसार, उरला निवासी सुधांशु तिवारी (30) अपने तीन दोस्तों के साथ बेंद्री डैम घूमने पहुंचे थे. नहाने के दौरान सुधांशु पानी में चला गया. सुधांशु को बहता देख उसके दो साथी भी उसे बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन वे भी पानी के तेज बहाव में फंस गए. मौके पर मौजूद स्थानीय मछुआरों ने तत्काल साहस दिखाते हुए दोनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सुधांशु गहरे पानी में डूब गया. घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया. बाद में युवक का शव बरामद कर लिया गया.
ये भी पढ़ें- Sawan Somwar 2026: सावन के पहले सोमवार पर उमड़ा आस्था का सैलाब, छत्तीसगढ़ के मंदिरों में लगा शिव भक्तों का तांता
बेंद्री डैम में में 7 दिन में दूसरा हादसा
बेंद्री डैम में पिछले सात दिनों के भीतर डूबने की यह दूसरी घटना है. इससे पहले भी यहां एक व्यक्ति की जान जा चुकी है. पिछले साल यानी साल 2025 में भी इसी डैम में एक ही महीने के दौरान पांच लोगों की डूबने से मौत हुई थी. स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम में पानी की अधिक गहराई और तेज बहाव के कारण यहां अक्सर हादसे होते हैं. इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी संबंधी इंतजाम पर्याप्त नहीं हैं.
