रायपुर. छत्तीसगढ़ कैडर के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी एस. जयवर्धन को केंद्र सरकार में नई जिम्मेदारी सौंपी गई है. वर्ष 2014 बैच के आईएएस अधिकारी को केंद्रीय स्टाफिंग योजना के तहत नई दिल्ली स्थित केंद्रीय गृह मंत्रालय में उप सचिव नियुक्त किया गया है. उनका कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से चार साल या अगले आदेश तक निर्धारित किया गया है.
केंद्र सरकार ने इस नियुक्ति के संबंध में छत्तीसगढ़ सरकार को सूचना भेजकर अधिकारी को वर्तमान दायित्वों से जल्द कार्यमुक्त करने के निर्देश दिए हैं. इसके लिए राज्य के मुख्य सचिव को ई-मेल के माध्यम से नियुक्ति संबंधी आदेश भेजा गया है, ताकि एस. जयवर्धन निर्धारित समय में केंद्रीय गृह मंत्रालय में अपनी नई जिम्मेदारी संभाल सकें.
नियुक्ति के साथ कार्यभार ग्रहण करने की समयसीमा भी तय की गई है. कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग की ओर से नियुक्ति आदेश जारी होने की तारीख से तीन सप्ताह के भीतर उन्हें नए पद पर कार्यभार संभालना होगा. निर्धारित अवधि में कार्यभार ग्रहण नहीं करने पर केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए उन्हें अयोग्य घोषित करने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है.
एस. जयवर्धन छत्तीसगढ़ कैडर के 2014 बैच के आईएएस अधिकारी हैं. उनका नाम राज्य सरकार की वर्ष 2026 की आईएएस सिविल सूची में भी दर्ज है. केंद्रीय गृह मंत्रालय में उनकी नियुक्ति के बाद अब राज्य सरकार की ओर से उन्हें कार्यमुक्त करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur News: एनएचएआई ने एजेंसी पर लगाई 10 लाख रुपए की पेनाल्टी
