रायपुर. CGPSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं और उससे जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय की चार्टशीट में तत्कालीन सीजीपीएससी अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी (Taman Singh Sonwani) की भूमिका को प्रमुखता से बताया गया है. ED की चार्जशीट के अनुसार, ग्रामीण विकास समिति को एक इस्पात लिमिटेड से 45 लाख रुपए की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) राशि मिली थी. जांच में इस राशि के उपयोग और इसके कथित संबंधों को लेकर सवाल उठाए गए हैं.
ED की चार्टशीट के मुताबिक, यह राशि दो किस्तों में समिति के खाते में पहुंची थी. 2 मार्च 2022 को 20 लाख रुपए और 18 मई 2022 को 25 लाख रुपए दिए गए. जांच में सामने आए बयानों के अनुसार, ग्रामीण विकास समिति के कामकाज में टामन सिंह सोनवानी (Taman Singh Sonwani) की भूमिका बताई गई है. उनके परिवार से जुड़े लोगों ने भी जांच एजेंसी के समक्ष समिति के संचालन में उनकी भूमिका का उल्लेख किया है.
पत्नी के बयान में भी प्रबंधन की जिम्मेदारी का उल्लेख
ED की चार्जशीट के मुताबिक Taman Singh Sonwani की पत्नी डॉ. पद्मिनी सिंह सोनवानी ने बताया कि वर्ष 2022 में ग्रामीण विकास समिति की गतिविधियों और वित्तीय मामलों को टामन सिंह सोनवानी देखते थे. वहीं टामन सिंह सोनवानी (Taman Singh Sonwani) ने अपने बयान में इस बात से सहमति जताई कि उस अवधि में उन्होंने समिति के कामकाज की देखरेख की थी.
चार्टशीट में यह भी उल्लेख है कि समिति को मिले 45 लाख रुपए का इस्तेमाल कला महाविद्यालय के निर्माण के लिए किया गया. हालांकि, टामन सिंह सोनवानी ने पूछताछ के दौरान राशि के खर्च का विवरण याद नहीं होने की बात कही.
परीक्षा में रिश्तेदारों के चयन का भी जिक्र
ED की चार्जशीट में CGPSC परीक्षाओं में टामन सिंह सोनवानी के कार्यकाल के दौरान उनके रिश्तेदारों के चयन का भी उल्लेख किया गया है. दस्तावेज के अनुसार, 2020 और 2021 की परीक्षाओं में उनके परिवार से जुड़े कुछ अभ्यर्थी चयनित हुए थे. जांच एजेंसी ने CSR राशि मिलने और चयन की घटनाओं के बीच संबंध की जांच की है.
टामन सिंह सोनवानी ने पूछताछ के दौरान 45 लाख रुपए की CSR राशि और अभ्यर्थियों के चयन के बीच किसी भी संबंध से इनकार करते हुए इसे संयोग बताया. उन्होंने यह भी कहा कि उनका उक्त इस्पात लिमिटेड से कोई निजी या व्यावसायिक संबंध नहीं था.
पांच संपत्तियां भी कुर्क
ED की शिकायत के अनुसार, 21 सितंबर 2026 को जारी आदेश के तहत टामन सिंह सोनवानी (Taman Singh Sonwani) से जुड़ी पांच संपत्तियों को कुर्क किया गया है. इनमें धमतरी जिले के सरबदा की कृषि भूमि, रायपुर जिले के सेरीखेड़ी की आवासीय जमीन, अभनपुर क्षेत्र की कृषि भूमि तथा दुर्ग जिले की कृषि भूमि शामिल है. दस्तावेज में इन संपत्तियों का कुल मूल्य करीब 40 लाख रुपए बताया गया है.
ED की चार्टशीट में CGPSC से जुड़े कथित भ्रष्टाचार से प्राप्त धन और 45 लाख रुपए की CSR राशि को मनी लॉन्ड्रिंग की जांच का हिस्सा बताया है. हालांकि मामले में आगे की कार्रवाई न्यायालय में लंबित है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः कबीरधाम में सिंचाई योजना के कार्यों के लिए 15.86 करोड़ रुपये स्वीकृत
