Vistaar NEWS

छत्तीसगढ़ में 243.81 करोड़ के सड़क-पुल निर्माण कार्यों को मिली मंजूरी, रायपुर में बनेगा ओवरपास

cg news

सीजी न्यूज

Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ से इस वक्त की बड़ी खबर आ रही है. प्रदेश में सड़क निर्माण के लिए सरकार ने बड़ी मंजूरी दे दी है. कुल 243.81 करोड़ रुपये के सड़क पुल कार्यों के कार्य को मंजूरी मिल गई है. कार्य से राजधानी रायपुर से लेकर बस्तर के बीजापुर तक नई सड़क देखने को मिलेगी. डिप्टी सीएम और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने इन कार्यों के लिए कार्यादेश जारी कर निर्माण शुरू करने के निर्देश दे दिए हैं.

रायपुर को मिलेगी बड़ी राहत

खास बात यह है कि, राजधानी रायपुर के लोगों के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी फुंडहर चौक पर बनने वाला ओवरपास है. 29.80 करोड़ रुपये की लागत से यहां ओवरपास का निर्माण होगा. फुंडहर चौक पर रोजाना हजारों वाहनों का दबाव रहता है और घंटों जाम लगता है. ओवरपास बनने के बाद लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी. इसके साथ ही रायपुरा चौक फ्लाईओवर की 3.66 किलोमीटर लंबी सर्विस रोड का चौड़ीकरण भी किया जाएगा.

12 पुल और 6 सड़कों को मिली मंजूरी

प्रदेशभर में कुल 12 पुल और 6 सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन कार्यों को मंजूरी दी गई है. इन कार्यों में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों की सड़कें शामिल हैं. इससे गांवों को शहरों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी और व्यापार व आवागमन आसान होगा. वहीं, बस्तर संभाग के बीजापुर जिले में इंद्रावती नदी पर 36 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से उच्च स्तरीय पुल का निर्माण होगा. यह पुल बरसात के दिनों में नदी के दोनों छोरों को जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा. बारिश में कई गांवों का संपर्क टूट जाता है. इस पुल के बनने के बाद सालभर आवागमन बना रहेगा.

जल्द शुरू होगा निर्माण कार्य

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी स्वीकृत कार्यों का जल्द से जल्द कार्यादेश जारी किया जाए और निर्माण कार्य शुरू कराया जाए. उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए. किसी भी काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

Exit mobile version