Vistaar NEWS

15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, 3100 केंद्रों में होगी व्यवस्था

PM Kisan Mandhan Yojana

रायपुर. प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की उल्टी गिनती शुरू हो गई है. 15 नवंबर से शुरू होने वाले खरीदी महाभियान को लेकर किसानों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. अपनी उपज बेचने के लिए किसानों ने खरीदी केंद्रों में अग्रिम टोकन कटवाना भी शुरू कर दिया है. हालांकि दीपावली के त्योहार और खेतों में नमी के चलते शुरुआती दिनों में धान की आवक सीमित रहने का अनुमान है. जानकारी के अनुसार, खरीदी के पहले दिन के लिए पूरे प्रदेश में करीब 2 से 2.5 हजार क्विंटल धान बेचने के टोकन जारी किए गए हैं.

 इस वर्ष राज्य सरकार किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदेगी. वहीं, प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी. इस अभियान से प्रदेश के 27.50 लाख से अधिक किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है. अर्ली वैरायटी के धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है और कई क्षेत्रों में इसकी कटाई भी पूरी हो गई है. हालांकि, अर्नब चक्रवात और बारिश के कारण खेतों में नमी बनी हुई है, जिससे कटाई प्रभावित हो रही है. त्योहार के बाद कटाई में तेजी आने की संभावना है. ऐसे में खरीदी के पहले सप्ताह केंद्रों में धान की आवक कम रह सकती है.

टोकन व्यवस्था से नियंत्रित होगी भीड़

धान बेचने के लिए किसानों को पंजीयन और निर्धारित टोकन व्यवस्था का पालन करना होगा. 15 नवंबर के लिए कम संख्या में किसानों ने टोकन कटवाए हैं, जबकि 16 नवंबर के लिए भी टोकन जारी करने की प्रक्रिया चल रही है. टोकन व्यवस्था से किसानों को अपनी उपज बेचने की निर्धारित तारीख और समय की जानकारी मिल सकेगी. इससे खरीदी केंद्रों में अनावश्यक भीड़ नहीं होगी और उपार्जन की प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से पूरी की जा सकेगी.

3100 केंद्रों में होगी धान खरीदी, 360 नए केंद्र शामिल

मार्कफेड ने इस वर्ष प्रदेश के 27.50 लाख से अधिक किसानों से धान खरीदी का लक्ष्य रखा है. इसके लिए प्रदेशभर में 3100 खरीदी केंद्र बनाए गए हैं. इनमें 360 नए केंद्र भी शामिल हैं. नए केंद्र शुरू होने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए अधिक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी. खरीदी केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी जांच उपकरण, पेयजल, छायादार स्थान और सुरक्षित भंडारण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं. इसके साथ ही खरीदे गए धान का समय पर उठाव सुनिश्चित करने परिवहनकर्ताओं और राइस मिलर्स के साथ समन्वय बनाया जा रहा है.

3.64 लाख गठान नए जूट बारदानों की व्यवस्था

खरीदी व्यवस्था के बीच बारदानों की उपलब्धता पर भी प्रशासन की नजर है. खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 3.64 लाख गठान नए जूट बारदानों की व्यवस्था का आदेश दिया गया है. पिछले माह तक इनमें से 1.14 लाख गठान बारदाने प्राप्त हो चुके थे. नए जूट बारदानों के अलावा राइस मिलर्स और पीडीएस दुकानों से भी बारदाने जुटाए जा रहे हैं. जिला प्रशासन द्वारा खरीदी केंद्रवार जरूरत के अनुसार इनकी आपूर्ति की जा रही है. वहीं, जिला विपणन अधिकारी बारदानों की उपलब्धता और वितरण की नियमित समीक्षा कर रहे हैं.

खरीदी व्यवस्था की नियमित निगरानी

धान खरीदी के दौरान किसानों को उपज बेचने से लेकर भुगतान तक किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए अधिकारियों को जरूरी इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. खरीदी केंद्रों में पर्याप्त बारदाने, खरीदे गए धान का सुरक्षित रखरखाव और समय पर उठाव पर विशेष जोर दिया जा रहा है. संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था की नियमित निगरानी करने और किसानों की शिकायतों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं.

Exit mobile version