इनपुटः अभिषेक मिश्रा.
धमतरी जिले के ग्राम कोर्रा में एसबीआई के कियोस्क सेंटर के जरिए ग्राहकों से करीब 1 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है. आरोप है कि कियोस्क सेंटर संचालक ग्राहकों से जमा कराई गई रकम उनके बैंक खातों में जमा करने के बजाय खुद रख लेता था. इतना ही नहीं, ग्राहकों की पासबुक में बैंक की वास्तविक एंट्री करने के बजाय पेन से रकम लिख दी जाती थी.
मामला उस समय सामने आया, जब कई ग्राहकों ने अपने बैंक खातों में जमा रकम की जांच की. खातों में रकम जमा नहीं होने की जानकारी मिलने के बाद ग्राहकों ने भखारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस के मुताबिक, अब तक सामने आए मामलों में ग्राहकों से कुल 1 करोड़ 75 हजार रुपए की ठगी किए जाने की बात सामने आई है.
केशव साहू पर लगा गंभीर आरोप
बताया जा रहा है कि ग्राम कोर्रा में केशव साहू एसबीआई के अंतर्गत कियोस्क सेंटर संचालित करता था. आरोप है कि सेंटर पर ग्राहक जो रकम जमा करते थे, उसे बैंक खाते में जमा करने के बजाय वह अपने पास रख लेता था. ग्राहकों को भरोसे में रखने के लिए उनकी पासबुक में रकम की एंट्री पेन से कर दी जाती थी. इससे ग्राहकों को तत्काल पता नहीं चल पाता था कि उनके खाते में वास्तव में रकम जमा नहीं हुई है.
मामले की जानकारी सामने आने के बाद भखारा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. आरोपी फरार बताया जा रहा है. उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है. पुलिस अन्य ग्राहकों से भी जानकारी जुटा रही है और मामले में ठगी की कुल रकम का आंकड़ा बढ़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः Raipur News: कलेजे के टुकड़े को किसने सड़क पर फेंका! मां ने रची ऐसी महिमा…
