Vistaar NEWS

नगरीय निकाय और त्रिस्तरीय पंचायत आम-उप चुनाव होगा दिसंबर में

रायपुर. प्रदेश में आगामी दिसंबर माह में प्रस्तावित नगरीय निकाय व त्रिस्तरीय पंचायत आम-उप निर्वाचन की तैयारियां तेज हो गई हैं. इस संबंध में राज्य निर्वाचन आयुक्त की अध्यक्षता में संभागायुक्तों, पुलिस महानिरीक्षकों, कलेक्टरों च पुलिस अधीक्षकों की संयुक्त समीक्षा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई. राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह के मुताबिक नगरपालिकाओं के कुल 427 पदों के लिए आम व उप निर्वाचन प्रस्तावित है. इनमें नगरपालिक निगम भिलाई, रिसाली, चरौदा व बीरगांव के महापौर के 4, अध्यक्ष के 14 पद व पार्षद के 409 पद शामिल हैं. 

 वहीं, त्रिस्तरीय पंचायतों के कुल 1023 पदों जिनमें जनपद पंचायत सदस्य के 2, सरपंच के 100 व पंच के 921 पद के लिए आम-उप निर्वाचन कराया जाना प्रस्तावित है. बैठक में राज्य निर्वाचन आयुक्त ने निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला एवं संभाग स्तर पर की जा रही तैयारियों की समीक्षा की तथा अधिकारियों को समयबद्ध रूप से सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए.

आयुक्त ने निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए दावा-आपत्तियों के निराकरण, ऑनलाइन प्रविष्टियों एवं निर्वाचक नामावली के मुद्रण का कार्य समय-सीमा में पूर्ण कर 30 नवंबर को अंतिम प्रकाशन सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया. निर्वाचन कार्यक्रम जारी होने के साथ आरक्षण की स्थिति के प्रकाशन में पूर्ण शुद्धता व सावधानी रखने, मतदान केंद्रों की संख्या के अनुरूप मतदान दलों व अन्य निर्वाचन अधिकारियों-कर्मचारियों का चयन करने तथा सभी संबंधित कार्मिकों का अनिवार्य प्रशिक्षण आयोजित करने के लिए निर्देशित किया.

Exit mobile version