CM Helpline 1076 पर शिकायतों की बाढ़, 5 दिन में 15,434 आवेदन, जमीन, पानी और बिजली से जुड़ी शिकायतें आई
CM विष्णु देव साय
CM Helpline 1076: छत्तीसगढ़ में शुरू की गई सीएम हेल्पलाइन 1076 पर लोगों की समस्याओं की बाढ़ आ गई है. हेल्पलाइन शुरू होने के महज 5 दिनों के भीतर 15 हजार से अधिक शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं. यह आंकड़ा प्रदेश में मूलभूत सुविधाओं और प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ी समस्याओं की गंभीरता को दर्शाता है.
सीएम हेल्पलाइन नंबर पर आई शिकायतों की बाढ़
9 जून को शुरू हुई मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर 13 जून तक कुल 15,434 शिकायतें दर्ज की गई हैं. इनमें सबसे अधिक शिकायतें राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग से संबंधित हैं, जिनकी संख्या 2,470 है. वहीं नगरीय प्रशासन विभाग से जुड़ी 2,058 शिकायतें दर्ज हुई हैं. ऊर्जा विभाग से संबंधित 1,921 मामलों की शिकायतें हेल्पलाइन पर पहुंची हैं, जबकि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से जुड़े 1,509 और खाद्य विभाग से संबंधित 1,235 मामले दर्ज किए गए हैं.
हेल्पलाइन पर आने वाली अधिकांश शिकायतें नामांतरण, सीमांकन, सड़क निर्माण, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, बिजली आपूर्ति और राशन जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी हैं. आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश के नागरिक अब अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सीधे मुख्यमंत्री हेल्पलाइन का सहारा ले रहे हैं.
डिप्टी सीएम अरुण साव का बयान
सिर्फ पांच दिनों में CM हेल्पलाइन के जरिए 15,000 से ज्यादा शिकायतें और आवेदन मिलने पर डिप्टी CM अरुण साव ने कहा कि सरकार ने पिछले ढाई सालों में मोदी की हर एक गारंटी पूरी की है. कामकाज में पारदर्शिता आई है और जनता को यह भरोसा हो गया है कि यह सरकार उनकी बात सुनती है. इसलिए लोग इसी उम्मीद के साथ सरकार के पास आ रहे हैं. जनता की चिंताओं को सुना जाएगा और उचित कार्रवाई की जाएगी.