CM साय ने किया कचना ध्रुवा गोंडवाना भवन का लोकार्पण, कई विकास कार्यों की घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
गरियाबंद: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज गरियाबंद जिले के ग्राम दर्रापारा में अखिल भारतीय गोंडवाना गोंड महासभा केंद्रीय समिति बिन्द्रानवागढ़ द्वारा आयोजित कार्यक्रम में 1 करोड़ 07 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित कचना ध्रुवा गोंडवाना भवन का लोकार्पण किया. मुख्यमंत्री का आदिवासी परंपरा के अनुरूप पगड़ी पहनाकर एवं पीला चावल से तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया.
प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना-CM साय
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर आदिवासी देवस्थल देवठाना में परंपरागत विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की. उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पीपल का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इस अवसर पर मंत्रीगणों एवं जनप्रतिनिधियों ने भी वृक्षारोपण किया.
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि कचना ध्रुवा की पवित्र भूमि आदिवासी समाज की आस्था, संस्कृति और गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है. गोंडवाना भवन के निर्माण के लिए समाज को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि यह भवन सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा.
जनता ने आशीर्वाद देकर हमारी सरकार बनाई-CM साय
उन्होंने कहा कि जनता ने आशीर्वाद देकर हमारी सरकार बनाई है और हम “मोदी की गारंटी” के अनुरूप निरंतर कार्य कर रहे हैं. सरकार बनने के ढाई वर्ष में गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के प्रत्येक वर्ग के हित में अनेक निर्णय लिए गए हैं.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में 18 लाख गरीब परिवारों को आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 10 लाख 60 हजार से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं. प्रतिदिन लगभग 1600 आवासों का निर्माण हो रहा है. किसानों को धान का समर्थन मूल्य 3100 रुपए प्रति क्विंटल, तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपए प्रति मानक बोरा तथा महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं के खातों में प्रतिमाह एक हजार रुपए की राशि दी जा रही है.
अब विकास की नई तस्वीर सामने आ रही है-CM साय
उन्होंने कहा कि बस्तर सहित गरियाबंद में कभी नक्सलवाद की चुनौती थी, लेकिन सरकार के प्रयासों से अब विकास की नई तस्वीर सामने आ रही है. बस्तर के 500 गांवों में नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. गांवों में राशन दुकान, स्कूल और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंच रही हैं.
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक 42 हजार श्रद्धालुओं को .रामलला दर्शन योजना का लाभ मिल चुका है. मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जा रहे हैं.
उन्होंने बिजली उपभोक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री बिजली बिल भुगतान समाधान योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरचार्ज माफी का लाभ लेने के लिए उपभोक्ता नजदीकी बिजली कार्यालय में पंजीयन कराएं. प्रदेश में अब तक 757 करोड़ रुपए का बिजली बिल माफ किया गया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल डिजिटल केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को आय, जाति एवं अन्य प्रमाण पत्र आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं. किसानों को नैनो डीएपी और नैनो यूरिया जैसे विकल्पों को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है.
उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से आमजन की शिकायतों के निराकरण की जानकारी देते हुए कहा कि खाता विभाजन, फौती, ट्रांसफार्मर सहित अन्य समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन लगातार कार्य कर रहा है.
मुख्यमंत्री की घोषणाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कचना ध्रुवा गोंडवाना भवन के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं की. जिनमें- भवन की बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 27 लाख रुपए- छात्र-छात्राओं के लिए ग्रंथालय हेतु 20 लाख रुपए,भगवान कचना ध्रुवा की मूर्ति स्थापना हेतु 6 लाख रुपए एवं भवन सौंदर्यीकरण हेतु 10 लाख रुपए की घोषणा की.
संस्कृति संरक्षण के साथ आत्मनिर्भर समाज बनाना लक्ष्य-राम विचार नेताम
आदिम जाति विकास मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि समाज की मांग और सोच के अनुरूप लगभग ढाई एकड़ भूमि में यह बेहतर भवन तैयार हुआ है. उन्होंने कहा कि हमारा समाज देश के कोने-कोने में है और आज सबसे बड़ी चुनौती अपनी संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखते हुए समाज को शिक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना है.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गरीबों और जरूरतमंदों के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं. डबल इंजन सरकार के प्रयासों से 18 लाख गरीब परिवारों को आवास मिला है. पीएम जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजातीय समूहों के लिए बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है. उन्होंने जैविक एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया.
कार्यक्रम में जिले के प्रभारी मंत्री एवं खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, सांसद मती रूपकुमारी चौधरी, राजिम विधायक रोहित साहू, पूर्व सांसद चंदूलाल साहू, पूर्व विधायक गोवर्धन मांझी, कार्यक्रम संयोजक ओंकार शाह, शिशुपाल सोरी, नीलकंठ टेकाम, आसाराम नेताम, गौरीशंकर कश्यप, अनिल चंद्राकर, सोहन लाल ध्रुव, मती नगीता दीवान, कलेक्टर भगवान सिंह उइके , पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सम सिरमौर ,सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, महासभा के सदस्य, महिलाएं एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: रायपुर एयरपोर्ट पर हादसा टला, दिल्ली से आ रही फ्लाइट से टकराया पक्षी, 2 घंटे प्रभावित रहीं उड़ानें