Vistaar NEWS

CG News: धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर CM विष्णु देव साय का रिएक्शन, बोले- राष्ट्रहित सर्वोपरि

Vishnu Deo Sai

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

CM Vishnu Deo Sai Reaction: केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पद से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की प्रतिक्रिया सामने आई है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके सीएम ने लिखा कि धर्मेंद्र प्रधान ने अपने सार्वजनिक जीवन में प्रत्येक दायित्व का निर्वहन सदैव निष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ किया है.

‘राष्ट्रहित को सर्वोपरि’

सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान केंद्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. केंद्रीय शिक्षा मंत्री के रूप में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन, शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधारों, तकनीकी एवं उच्च शिक्षा के विस्तार तथा विद्यार्थियों के लिए नए अवसरों के सृजन में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा है.

उन्होंने आगे लिखा कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने पद से त्यागपत्र देने का उनका निर्णय सार्वजनिक जीवन में नैतिक मूल्यों, मर्यादा और सिद्धांतों के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का परिचायक है. राष्ट्रसेवा के उनके सतत प्रयास निरंतर नई ऊंचाइयों को प्राप्त करते रहें. उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए हार्दिक शुभकामनाएं.

ये भी पढ़ें: ‘इस्तीफा नहीं देना चाहिए था…’, धर्मेंद्र प्रधान के त्यागपत्र पर गजेंद्र यादव का बयान, बोले- मैं वापस लेने का अनुरोध करता हूं

‘गजेंद्र यादव ने इस्तीफा वापस लेने को कहा’

जहां एक ओर मुख्यमंत्री ने इस्तीफे को राष्ट्रहित की बात से जोड़ा तो वहीं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा इस्तीफा वापस लेने का अनुरोध किया. उन्होंने कहा कि आजादी के 70 साल बाद मैकाले की शिक्षा पद्धति को बदलने का सबसे बड़ा कदम धर्मेंद्र प्रधान ने उठाया है. उन्होंने आगे कहा कि उन्होंने हर आयाम को नए स्वरूप में लेकर आए हैं. उनका कार्य शानदार और बेहतरीन रहा है. धर्मेंद्र प्रधान को देशहित में इस्तीफा वापस ले लेना चाहिए.

Exit mobile version