‘अर्नब’ के बाद छत्तीसगढ़ में तूफान ‘मुरासु’ की होगी एंट्री, 2 दिन झमाझम बारिश का अलर्ट
बारिश (स्त्रोत - ANI)
Toofan Murasu Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में तूफान अर्नब के बाद अब तूफान ‘मुरासु’ की एंट्री होने वाली है. दरअसल, बंगाल की खाड़ी में बन रहा डीप डिप्रेशन अब खतरनाक रूप ले चुका है. मौसम विभाग ने बताया है कि यह सिस्टम चक्रवाती तूफान ‘मुरासु’ में बदल गया है और तेजी से आंध्र प्रदेश के तट की ओर बढ़ रहा है. विभाग के मुताबिक,तूफान मुरासु 3 नवंबर की सुबह आंध्र प्रदेश के तट को पार करेगा.
Cyclone Murasu: Extremely heavy rain is forecast for coastal Andhra Pradesh on Nov 2–3. Heavy to very heavy rainfall may also affect Telangana, Tamil Nadu, Odisha and Chhattisgarh during Nov 1–5. #CycloneMurasu #RainfallAlert #Skymet https://t.co/FSnjO7bJlz
— Skymet (@SkymetWeather) November 1, 2026
कई राज्यों में दिखेगा असर
इस दौरान हवा की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जो झोंकों में 120 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. तूफान के टकराने से पहले ही इसका असर कई राज्यों में दिखना शुरू हो जाएगा.
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
तूफान के असर से 2 और 3 नवंबर को कोस्टल आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. तेज हवा के साथ गरज-चमक की भी संभावना है. वहीं 1 और 2 नवंबर को तमिलनाडु में जोरदार बारिश हो सकती है. इसके बाद 3 और 4 नवंबर को इसका असर छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा तक पहुंचेगा. इन दोनों राज्यों में भी तेज हवा और गरज के साथ बारिश होगी.
छत्तीसगढ़ में 60 किमी की स्पीड से चलेंगी हवाएं
छत्तीसगढ़ के लिए मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है. 3 और 4 नवंबर को प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी, जो झोंकों के दौरान 60 किमी तक पहुंच सकती हैं. अलग-अलग जिलों में गरज-चमक, तेज हवा और आकाशीय बिजली के साथ जोरदार बारिश की संभावना है. रायपुर में 2 नवंबर की शाम से ही मौसम बदल सकता है. हल्की बारिश और बूंदाबांदी के साथ बादल छाए रहेंगे. 3 और 4 नवंबर को बारिश तेज होने की आशंका है.
यह भी पढ़ें:-दुर्ग: चूल्हा-चौका छोड़ हाथों में थामा बैट-बॉल, धुरंधर कप में महिलाओं ने जमकर लगाए चौके-छक्के
किसानों की बढ़ी चिंता
यह तूफान ऐसे समय में आ रहा है जब छत्तीसगढ़ में धान की फसल कटाई के कगार पर है और मंडियों में आवक शुरू हो गई है. 2 दिन पहले ही चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से रायपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश हुई थी. अब दोबारा बारिश से खेतों में खड़ी और कटी हुई फसल को नुकसान होने की आशंका है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है.